विज्ञापन

पंजाब में नशे के नाम पर फिर हत्या, गुरदासपुर में घेरकर युवक की ले ली जान, शाह-राहुल AAP को घेरा

पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने पर एक और हत्या का मामला सामने आया है. गुरदासपुर में बिक्रमजीत सिंह नाम के शख्स को 3 लोगों को बेरहमी से मार डाला. इससे पहले मानसा में परविंदर सिंह झोटा की हत्या हुई थी.

पंजाब में नशा बेचने से रोकने पर 2 दिन में दूसरी हत्या (फाइल फोटो:NDTV)
  • पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने पर 2 दिन में दूसरी हत्या हुई है.
  • गुरुदासपुर जिले में बिक्रमजीत सिंह नाम के शख्स की हत्या कर दी गई.
  • इससे पहले मानसा में परविंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या हुई थी.
गुरुदासपुर:

पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने पर दो दिन में दूसरी हत्या का मामला सामने है. गुरदासपुर जिले में बिक्रमजीत सिंह नाम के शख्स की हत्या कर दी गई. जबकि दो लोग घायल बताए जा रहे हैं. तीनों ने कुछ लोगों को गांव में नशा बेचने से रोका था, जिस पर वह इतने नाराज हुए कि अचानक से हमला कर दिया. जिसमें बिक्रमजीत सिंह की मौत हो गई. घटना के बाद गांव में डर का माहौल बना हुआ है. बता दें कि दो दिन पहले ही मानसा में एंट्री ड्रग एक्टविस्ट परविंदर सिंह झोंटा की हत्या हुई थी. उन्होंने भी मेडिकल दुकानदार को नशा बेचने से रोका था, जिस पर उन्हें गोली मार दी गई थी. इन मामलों के बीच पंजाब में सियासत भी तेज होती जा रही है. बीजेपी कांग्रेस समेत कई विपक्षी पार्टियों ने सत्ताधारी आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा है. 

गुरदासपुर का मामला

यह मामला गुरुवार का बताया जा रहा है. माड़ी फावां गांव में बिक्रमजीत सिंह, निशान सिंह और गुरमुख सिंह ने कुछ लोगों को गांव में नशा बेचने से रोका था. जब इन तीनों लोगों ने अपने गांव में हो रही नशा तस्करी पर आपत्ति जताई, स्थानीय लोगों का कहना है कि नशा तस्करी में शामिल लोग अक्सर सड़क पर जमा होते थे, जिससे महिलाओं का वहां से गुजरना मुश्किल हो जाता था. जब इन लोगों ने उन्हें टोका और नशा बेचना बंद करने के लिए कहा, तो आरोपियों ने उन तीनों पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया. हमलावरों की संख्या 15 के आसपास बताई जा रही है. घायल अवस्था में तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बिक्रमजीत सिंह की मौत हो गई. जबकि दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है. 

पंजाब में फिर चर्चा में नशे का मुद्दा 

इस घटना ने पंजाब में नशे से जुड़ी हिंसा के मुद्दे को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है. इससे पहले मानसा में परमिंदर सिंह झोटा की हत्या हुई थी, जिन्होंने नशे के दुरुपयोग और तस्करी के खिलाफ आवाज उठाई थी. पुलिस ने बताया कि घटना की जांच चल रही है और भरोसा दिलाया कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा. संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के बारे में अभी और जानकारी आनी बाकी है. 

अमित शाह का आप सरकार पर निशाना

इस मामले में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी पंजाब की आप सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने लिखा 'पंजाब आज नशे, गैंगस्टरवाद व संगठित अपराध के बढ़ते खतरे से जूझ रहा है. भगवंत मान सरकार के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर पंजाब की जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन निभाएगा?. दिरबा में एक पिता का दबाव में जहर खा लेना और मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा की दिनदहाड़े हत्या ने पंजाब की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. परविंदर के पिता ने आप सरकार और उनके विधायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं. गृह मंत्रालय भी इन दोनों घटनाओं पर पंजाब सरकार से जवाब मांगेगा. पंजाब में नशे का कारोबार फल-फूल रहा है, संगठित अपराध का खतरा बढ़ रहा है और नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं. 

'भगवंत मान जी, पंजाब की जनता को प्रचार नहीं, जवाब, घोषणाएं नहीं, परिणाम, नशे के नेटवर्क पर निर्णायक प्रहार और अपराधियों को मिलने वाले किसी भी राजनीतिक संरक्षण की निष्पक्ष जांच चाहिए. मैं आज पंजाब की जनता के सामने अपना संकल्प दोहराता हूं कि पंजाब में हमारी सरकार बनने पर हम नशामुक्त, गैंगस्टरमुक्त और सुरक्षित पंजाब बनाने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे. हमारा लक्ष्य स्पष्ट है नशे के कारोबार पर प्रहार, युवाओं के भविष्य की रक्षा, अपराधियों पर कठोर कार्रवाई और कानून का ऐसा राज, जिसमें कोई भी नागरिक भय के साये में जीने को मजबूर न हो.'

राहुल गांधी ने भी उठाया था यह मुद्दा 

वहीं राहुल गांधी ने भी पंजाब में नशे का मुद्दा उठाया था. उन्होंने आप सरकार पर निशाना साधते हुए कहा 'पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाना अब जानलेवा हो गया है, यह भगवंत मान की आप सरकार के राज में हो रहा है.परविंदर सिंह झोटा को दिनदहाड़े गोली मार दी गई जो एक फेसबुक लाइव पर साप दिखी थी. संगरूर मुख्यमंत्री का अपना जिला है, लेकिन मजदूर गुलजार सिंह ने मंत्री के सामने गांव में नशे का सवाल उठाया. परिवार का आरोप है कि उसके बाद उन पर माफी मांगने का दबाव डाला गया. उन्होंने अपनी जान दे दी. नशे के खिलाफ बोलने वाले मोहनजीत सिंह पर हिरासत में यातना के आरोप, मामला अब हाईकोर्ट में है.'

बता दें कि मानसा में लोकप्रिय सिख सामाजिक कार्यकर्ता और नशा विरोधी मुहिम चलाने वाले परविंदर सिंह झोटा की हत्या का मामला अब एक अंतरराष्ट्रीय मुद्दा बन गया है, जिस पर अमेरिकी राजनीतिक नेतृत्व ने भी औपचारिक चिंता जताई है. अमेरिकी कांग्रेस सदस्य थॉमस आर, सुओज़ी ने अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा को एक आधिकारिक पत्र भेजा है. इसमें उन्होंने झोटा की हत्या पर गहरी चिंता व्यक्त की है और चल रही जांच में पारदर्शिता बरतने का आग्रह किया है. 

ये भी पढ़ेंः पंजाब के मानसा परमिंदर झोटा की हत्या के आरोपी के घर पर चला बुलडोजर, लोगों ने दुकान में लगाई आग

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Punjab News, Gurdaspur News, Punjab Drug, Gurdaspur District, AAP Govt
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com