- गुजरात ATS और बनासकांठा SOG ने पंजाब में दर्ज ग्रेनेड तस्करी मामले के आरोपी बिक्रमजीत सिंह को गिरफ्तार किया है
- आरोपी बिक्रमजीत बनासकांठा जिले के डीसा में एक रेस्टोरेंट में मजदूर के रूप में छुपा हुआ था और वहां से पकड़ा
- गिरफ्तारी पंजाब पुलिस से मिले इनपुट पर हुई, जिसमें आरोपी की लोकेशन और गतिविधियों की जानकारी साझा की गई थी
गुजरात ATS और बनासकांठा SOG ने पंजाब में दर्ज ग्रेनेड तस्करी मामले में वॉन्टेड और पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी गिरोह से जुड़े आरोपी बिक्रमजीत सिंह को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई पंजाब पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर की गई, जबकि गुजरात ATS देशभर में सक्रिय संगठित अपराध नेटवर्क पर लगातार नजर बनाए हुए है. गुजरात ATS के अनुसार, पंजाब पुलिस ने एक ऐसे आरोपी की जानकारी साझा की थी, जो उनके यहां दर्ज मामले में वांछित था. यह इनपुट ATS गुजरात के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ साझा किया गया, जिसके बाद DySP हर्ष उपाध्याय और PWSI दिप्तेश चौधरी ने इस पर काम शुरू किया.
बनासकांठा में मजदूरी करता मिला आरोपी
जांच के दौरान यह सामने आया कि वॉन्टेड आरोपी बिक्रमजीत सिंह, पिता कश्मीर सिंह, बनासकांठा जिले के डीसा इलाके में एक रेस्टोरेंट में मजदूर के तौर पर काम कर रहा है. सीनियर अधिकारियों के निर्देश और एसपी के. सिद्धार्थ की निगरानी में डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस हर्ष उपाध्याय के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया. इस टीम में PI डी.बी. प्रजापति, PSI आर.आर. गरचार, PSI आशीष बारा के साथ बनासकांठा SOG की टीम शामिल थी.
ये भी पढ़ें :चंडीगढ़ ग्रेनेड हमले में पुलिस को बड़ी कामयाबी, पांच गिरफ्तार, दो हमलावरों की पहचान
डीसा के ढाबे से हिरासत में लिया गया
गुजरात ATS और बनासकांठा SOG की संयुक्त टीम ने डीसा के एक ढाबे पर आरोपी बिक्रमजीत सिंह को ट्रेस किया. इसके बाद उसे हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ के लिए गुजरात ATS कार्यालय, अहमदाबाद लाया गया. PI जे.एन. चावड़ा और PSI मयूरसिंह सोलंकी द्वारा की गई शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि बिक्रमजीत सिंह, शहजाद भट्टी और अबीद जट्ट के साथ मिलकर ग्रेनेड की सप्लाई और सुरक्षा एजेंसियों की यूनिट्स पर ग्रेनेड हमलों को अंजाम देने में शामिल था.
अपराध नेटवर्क में अहम भूमिका
इस मामले में की गई पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि पंजाब से बाहर रहते हुए आरोपी बिक्रमजीत सिंह, शहजाद भट्टी और अबीद जट्ट के लिए पंजाब के स्थानीय लोगों को संगठित अपराध नेटवर्क में भर्ती करता था. इसके अलावा वह उनके निर्देश पर पुलिस थानों और अन्य सुरक्षा इकाइयों पर हमले की साजिशों में भी अहम भूमिका निभाता था.
ये भी पढ़ें ; बिहार से हथियार मंगाकर पंजाब में कर रहे थे सप्लाई, हाई-एंड सेल्फ-लोडिंग बंदूकें बरामद
(एनडीटीवी के लिए आकिल की रिपोर्ट)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं