विज्ञापन

फाजिल्का पुलिस ने ‘युद्ध नशेआं विरुद्ध’ अभियान के दौरान 1,331 आरोपी गिरफ्तार

पंजाब में फाजिल्का पुलिस ने ‘युद्ध नशेआं विरुद्ध’ अभियान में सख्त कार्रवाई करते हुए सैकड़ों आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

फाजिल्का पुलिस ने ‘युद्ध नशेआं विरुद्ध’ अभियान के दौरान 1,331 आरोपी गिरफ्तार
पंजाब के सीएम भगवंत मान
चंडीगढ़:

नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फाजिल्का जिला पुलिस ने ‘युद्ध नशेआं विरुद्ध' अभियान के पिछले आठ महीनों के दौरान नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत दर्ज 924 मामलों में 1,331 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

इस निरंतर कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 41.124 किलोग्राम हेरोइन, 3.85 ग्राम क्रिस्टल मेथामफेटामाइन, 6.503 किलोग्राम अफीम, 42 ग्राम चरस, 250.537 किलोग्राम पोस्त की भूसी तथा नशीली दवाओं के 15,843 कैप्सूल/गोलियां बरामद की हैं. नशा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे कुल 38 वाहनों को भी ज़ब्त किया गया है.

इस संबंध में, पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि युद्ध नशेआं विरुद्ध' अभियान के तहत, फाजिल्का पुलिस ने नशा तस्करी और नशे के ख़िलाफ महत्त्वपूर्ण सफलता हासिल की है. कार्रवाई के साथ-साथ रिहैबिलिटेशन पर भी विशेष जोर दिया गया है। कुल 252 लोगों को नशा मुक्ति केंद्रों में भर्ती करवाया गया है, जबकि 1,809 लोगों को आउटपेशेंट ओपिओइड असिस्टेड ट्रीटमेंट (ओओएटी) केंद्रों के लिए रेफर किया गया है. एनडीपीएस एक्ट की धारा 64-ए के तहत 141 लोगों को भी लाभ दिया गया है.

विभिन्न गिरोहों से जुड़े गैंगस्टरों के कई सहयोगियों की पहचान कर उन्हें गिरफ़्तार कर के,ज़िला पुलिस ने ‘गैंगस्टरां ‘ते वार' अभियान के तहत भी महत्त्वपूर्ण प्रगति की है. फाजिल्का के एसएसपी गगन अजीत सिंह ने कहा कि पहचान कर गिरफ्तार किए गए आरोपियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि संगठित अपराध पर अंकुश लगाया जा सके. अब तक, आर्म्स एक्ट के तहत 10 मामले दर्ज किए गए हैं और 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. इस दौरान 25 पिस्तौल, एक देसी पिस्तौल, 32 मैगजीन, 52 ज़िंदा कारतूस और तीन ड्रोन बरामद किए गए हैं.

सामुदायिक संपर्क को बढ़ावा देने के प्रयासों के तहत फाजिल्का पुलिस ने 99 ‘प्रोजेक्ट संपर्क' बैठकें तथा 334 नशा विरोधी जागरूकता शिविर और सेमिनार आयोजित किए हैं। इन पहलों का उद्देश्य लोगों की भागीदारी को बढ़ावा देना, नशे के दुरुपयोग के बारे में जागरूकता फैलाना और पुलिस-जनता के संबंधों को मज़बूत करना है। लोगों को साइबर अपराधों की समय पर रिपोर्टिंग के लिए 1930 हेल्पलाइन तथा cybercrime.gov.in पोर्टल के बारे में भी जागरूक किया गया है।

जिला पुलिस ने चौबीसों घंटे जन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय और ख़ुफ़िया-आधारित पुलिसिंग मॉडल अपनाया है. 112 हेल्पलाइन से जुड़े 21 इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल (ईआरवी), जिन पर 102 पुलिसकर्मी तैनात हैं, के साथ-साथ 10 पुलिसकर्मियों वाली पांच पीसीआर मोटरसाइकिलें दिन और रात की शिफ्ट में तैनात की गई हैं. जिले के रणनीतिक प्रवेश और निकास बिंदुओं पर सात स्थायी रात्रि नाके भी स्थापित किए गए हैं, जहां 39 पुलिसकर्मी तैनात हैं. इन नाकों पर बैरिकेडिंग की गई है और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा नियमित रूप से इनका निरीक्षण किया जाता है.

सीमा पार से होने वाली नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के तहत 16 मामले दर्ज किए गए हैं और 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. इन गिरफ्तारियों के दौरान 26.822 किलोग्राम हेरोइन, एक पिस्तौल, पांच मैगजीन, 13 जिंदा कारतूस और एक ड्रोन बरामद किया गया है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Punjab Police, Bhagwant Mann, Punjab AAP
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com