विज्ञापन

पंजाब में अब ग्रामीण मार्गों में भी चलेंगी मिनी बसें, सीएम भगवंत मान ने 100 बसों को दिखाई हरी झंडी

सीएम भगवंत मान ने राज्य के ग्रामीण मार्गों के लिए मिनी बसों को हरी झंडी दिखाई है. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राज्य सरकार और ऐसी बसों को उतारेगी.

पंजाब में अब ग्रामीण मार्गों में भी चलेंगी मिनी बसें, सीएम भगवंत मान ने 100 बसों को दिखाई हरी झंडी
पंजाब के सीएम भगवंत मान ने दिखाई हरी झंडी
चंडीगढ़:

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने राज्य के 9 डिपो केजरिए 29 सीटों वाली 100 मिनी बसों को हरी झंडी दिखाई. ये बसें ग्रामीण मार्गों पर चलेंगी. इस अवसर पर सीएम ने घोषणा की कि जिस तरह नहरी पानी हर खेत तक पहुंचाया गया है, उसी तरह पंजाब के हर गांव तक बसें पहुंचाई जाएंगी. गांवों से शहरों तक जाने वाली बस सेवाएं बंद करने के लिए पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि ये नई बसें ग्रामीण संपर्क व्यवस्था को मजबूत करेंगी, दैनिक आवागमन को आसान बनाएंगी तथा शिक्षा, रोजगार और आवश्यक सेवाओं तक लोगों की पहुंच में सुधार करेंगी.

अगले महीने बस बेड़े में 309 और बड़ी बसें शामिल करने की घोषणा करते हुए मुख्य मंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि 29 सीटों वाली 100 मिनी बसें शामिल किए जाने से लगभग 150 युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे. इसके अलावा, 15 युवाओं को तत्काल परिवहन विभाग में नियुक्ति पत्र सौंपे गए हैं.

बसों को हरी झंडी दिखाने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्य मंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने का साधन नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण समुदायों के लिए जीवनरेखा है. विश्वसनीय बस सेवाओं से विद्यार्थियों को शिक्षा प्राप्त करने में मदद मिलती है, परिवारों को रोजगार के अवसर मिलते हैं और गांवों का आर्थिक एवं सामाजिक ताना-बाना मजबूत होता है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि 29 सीटों वाली 100 नई मिनी बसें पी.आर.टी.सी. के नौ डिपो के माध्यम से ग्रामीण और छोटे कस्बों के मार्गों पर चलाई जाएंगी. इन सेवाओं से रोजगार, व्यापार और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए शहरों में जाने वाले लोगों का दैनिक आवागमन आसान होगा. स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों को भी बेहतर संपर्क व्यवस्था का बड़ा लाभ मिलेगा. उन्होंने बताया कि इन बसों को पटियाला, बठिंडा, चंडीगढ़, संगरूर, बरनाला, बुढलाडा, कपूरथला, फरीदकोट और लुधियाना सहित विभिन्न डिपो में वितरित किया गया है.

100 मिनी बसों का डिपोवार वितरण

पटियाला- 25बसें 
बठिंडा- 15बसें 
चंडीगढ़- 15बसें 
संगरूर- 10बसें 
बरनाला- 9बसें 
बुढलाडा- 8बसें 
कपूरथला- 7बसें 
फरीदकोट- 6 बसें 
लुधियाना- 5 बसें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
CM Bhagwant Maan, Punjab News, Mini Bus
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com