विज्ञापन

पुलिस जहां भी रोके,उसी जगह को जंतर-मंतर बनाकर धरने पर बैठ जाएं- केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने हमें हिरासत में ले लिया है. देश का युवा अब जाग चुका है और अब ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना ही पड़ेगा, क्योंकि लोग अब इनकी वोट चोरी को बर्दाश्त करने वाले नहीं हैं.

पुलिस जहां भी रोके,उसी जगह को जंतर-मंतर बनाकर धरने पर बैठ जाएं- केजरीवाल
दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान अरविंद केजरीवाल को हिरासत में लिया गया
NDTV

देश की राजधानी में शनिवार को हर तरफ पीएम मोदी की दिल्ली पुलिस का तांडव देखने को मिला. वोट चोरी के खिलाफ ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर मंतर पर सीजेपी के प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत सभी बड़े नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. इससे पहले, अरविंद केजरीवाल के घर को छावनी में तब्दील कर दिया. जिसके विरोध में कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की. अरविंद केजरीवाल ने देशवासियों का आह्वान करते हुए कहा कि सब लोग दिल्ली आएं. अगर पुलिस रोके तो उसी जगह को जंतर-मंतर बनाकर धरने पर बैठ जाएं. 

Latest and Breaking News on NDTV

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने हमें हिरासत में ले लिया है. देश का युवा अब जाग चुका है और अब ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना ही पड़ेगा, क्योंकि लोग अब इनकी वोट चोरी को बर्दाश्त करने वाले नहीं हैं. सभी देशवासी अपने-अपने घरों से निकलिए और देश को बचाने के लिए इस संघर्ष में शामिल होइए. आज चप्पे-चप्पे पर पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स है. किसी को अपने घर से नहीं निकलने दिया जा रहा है. सड़क पर चलते हुए लोगों को पुलिस पकड़ रही है और किसी को कहीं जाने नहीं दिया जा रहा है. आज कॉकरोच जनता पार्टी के नेता अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका, सौरभ दास और गुरुग्राम से ध्रुव राठी तथा रत्ना सिंह जैसे सभी लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिससे देश के युवा बहुत गुस्से में हैं. जो लोग मेरी यह बात सुन रहे हैं, मैं पूरे देश के लोगों और युवाओं से हाथ जोड़कर अपील करना चाहता हूं कि हम सब लोगों को मिलकर देश को बचाना होगा.

देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग देश में जहां भी हैं, अभी अपने घर से निकलिए और दिल्ली की तरफ कूच कीजिए. दिल्ली आइए, चाहे स्कूटर पर आइए, पैदल आइए, बस में आइए, हवाई जहाज में आइए या ट्रेन में आइए. जैसे भी आ सकते हैं, आइए. जहां मोदी जी लोगों को रोकें, वहीं बैठ जाइए और उसी जगह को जंतर-मंतर बना दीजिए. पूरे देश को जंतर-मंतर बना दीजिए. लेकिन मोदी जी को वोट चोरी करने से रोकना पड़ेगा, नहीं तो यह देश और जनतंत्र नहीं बचेगा.

Latest and Breaking News on NDTV

एक चोर को बचाने के लिए पूरे देश में आपातकाल लगा दिया- संजय सिंह

“आप” के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि एक चोर को बचाने के लिए सरकार ने पूरे देश में आपातकाल जैसा माहौल बना दिया है. पूरी दुनिया में यह पहला उदाहरण है, जहां एक चोर को बचाने के लिए पूरे देश को छावनी में तब्दील कर दिया गया है. पूरी दिल्ली बंद कर दी गई है और दिल्ली आने वाली ट्रेनें भी रोक दी गई हैं. केवल एक चोर को बचाने के लिए मोदी द्वारा आपातकाल से भी बुरी स्थिति पैदा कर दी गई है, क्योंकि उस वोट चोर ने वोट चोरी करके इनकी कई सरकारें बनवाई हैं. इसीलिए आम आदमी पार्टी सीजेपी के प्रदर्शन का समर्थन कर रही है.

भाजपा की बेशर्म दिल्ली पुलिस ने अरविंद केजरीवाल के साथ हाथपाईं की- सौरभ भारद्वाज

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि लोग अपना हक मांगने देश की राजधानी आए हुए हैं. ऐसे तो अंग्रेज भी नहीं करते थे, जब महात्मा गांधी अपना हक मांगने के लिए दांडी मार्च करते थे, तो अंग्रेज भी उन्हें साबरमती से दांडी तक जाने देते थे और अपनी आवाज उठाने का मौका देते थे. आज की सरकार कह रही है कि नागरिक अपनी आवाज भी नहीं उठा सकते. अगर इस देश में लोगों को अपनी बात नहीं कहने दी जाएगी, तो सरकार खुद अराजकता फैलाने का काम कर रही है.

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि इतनी पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स लगा दी गई है, जैसे पाकिस्तान, बांग्लादेश या चीन ने हमला कर दिया हो. सरकार, मंत्री और इंटेलिजेंस कहते थे कि ये लोग पाकिस्तानी और बांग्लादेशी हैं. अगर ये विदेशी हैं तो इनसे इतना डर क्यों है, पाकिस्तानी तो पाकिस्तान में बैठे हैं और बांग्लादेशी बांग्लादेश में बैठे हैं. ये हमारे ही देश के युवा हैं और वामपंथी संगठनों, हमारी छात्र विंग सहित कई अन्य छात्र संगठनों ने इस प्रदर्शन को समर्थन दिया है. ये लोग सुबह से अपनी गिरफ्तारियां दे रहे हैं और हम गिरफ्तारियां देने से डरते नहीं हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
CJP, Arvind  Kejriwal, Punjab AAP
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com