- केजरीवाल ने ई-20 पेट्रोल के उपयोग के बाद वाहन संबंधी समस्याओं का सामना करने वाले लोगों के अनुभव साझा किए हैं.
- उन्होंने सरकार के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता की स्थिति जमीनी स्तर पर सरकार की बातों से अलग है.
- केजरीवाल ने बताया कि ई-20 पेट्रोल के विरोध में लगे लोगों को सरकार के मंत्री अपमानजनक शब्दों से संबोधित कर रहे.
ई-20 पेट्रोल को लेकर केंद्र सरकार और विपक्ष के बीच बहस तेज हो गई है. इसी मुद्दे पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल सीधे लोगों के बीच पहुंचे और उन्होंने पेट्रोल पंपों व सर्विस स्टेशनों पर जाकर वाहन चालकों से बातचीत की. बातचीत के दौरान कई लोगों ने अपने अनुभव साझा किए और दावा किया कि ई-20 के इस्तेमाल के बाद उन्हें वाहन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ा है.
केजरीवाल ने सरकार के दावों पर सवाल उठाए
इन अनुभवों का हवाला देते हुए अरविंद केजरीवाल ने सरकार के दावों पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि लोगों का कहना है कि ई-20 पेट्रोल को लेकर सरकार जो दावे कर रही है, जमीनी स्तर पर स्थिति उससे अलग दिखाई दे रही है. केजरीवाल के मुताबिक, कई वाहन मालिकों ने गाड़ियों में तकनीकी परेशानियों की शिकायत की है और इथेनॉल मिश्रित ईंधन को लेकर चिंता जताई है.
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से मैं देख रहा हूं कि देश में जो भी लोग ई-20 पेट्रोल का विरोध करते हैं, उन्हें सरकार के मंत्री गालियां दे रहे हैं. कभी कहते हैं कि ये देशद्रोही हैं, कभी एंटी-नेशनल कहते हैं, कभी पेट्रोल लॉबी के दलाल बताते हैं, तो कभी अनइंप्लॉयड सोशल एक्टिविस्ट कहते हैं.
इतना अहंकार ठीक नहीं : अरविंद केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने सरकार से कहा कि इतना अहंकार ठीक नहीं है. जितने भी लोग ई-20 के बारे में बोल रहे हैं और इसका विरोध कर रहे हैं, वे सब लोग ई-20 की वजह से दुखी हैं. ये हमारे ही देश के लोग हैं. ये देशद्रोही नहीं, बल्कि देशभक्त हैं और देश के सभी 140 करोड़ लोग देशभक्त हैं. इन लोगों को इस तरह से गालियां देना ठीक नहीं है. अरविंद केजरीवाल प्रधानमंत्री मोदी से आगे कहा कि इन्हें इस तरह से गाली नहीं देनी चाहिए. हम एक लोकतंत्र में रहते हैं, इनकी बातें सुनो. सरकार का फर्ज है कि लोगों की जो भी शिकायतें हैं, उन्हें सुनकर ठीक करे.
ये भी पढ़ें : राम मंदिर में दान की चोरी एक तरह का कलंक, हम क्षमाप्रार्थी और शर्मिंदा हैं: नृपेंद्र मिश्रा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं