दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री और आम आदमी पार्टी नेता सत्येंद्र जैन को कथित भ्रष्टाचार मामले में ACB ने गिरफ्तार किया है. कोर्ट ने उनको 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भी भेज दिया है. इसे लेकर अरविंद केजरीवाल अन्य AAP नेताओं ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर तीखा हमला बोला है. केजरीवाल ने आरोप लगाया है कि सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी किसी जांच के आधार पर नहीं, बल्कि राजनीतिक दबाव में की गई है.
अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'गिरफ्तारी तब की जाती है जब पुलिस को उस व्यक्ति से पूछताछ और जांच करनी हो. सत्येंद्र जैन की पुलिस ने कस्टडी ही नहीं ली. इसका मतलब सत्येंद्र से कोई पूछताछ नहीं करनी.'
इससे पहले केजरीवाल ने आरोप लगाया कि ACB के एक अधिकारी ने बताया सुबह तक ACB का सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार करने का कोई प्लान नहीं था. फिर दोपहर में गिरफ्तार करने के लिए फोन आया, तब गिरफ्तार किया. जाहिर है कि अब गिरफ्तारी इस बात से नहीं होती कि किसी ने कोई गुनाह किया है या नहीं बल्कि इस बात से होती है कि वे किसे गिरफ्तार करना चाहते हैं.
वहीं कल जब जैन को गिरफ्तार किया गया, तब भी अरविंद केजरीवाल ने बयान दिया. उन्होंने कहा कि सत्येन्द्र जैन को एक बार फिर बीजेपी ने गिरफ्तार करवा दिया है. अभी कुछ वक्त पहले इन लोगों ने जेल में डालकर उनकी जो दुर्दशा की थी, वह सबको याद है. पिछला केस भी फर्जी था और यह केस भी फर्जी साबित होगा. आखिर कब तक बीजेपी की ये तानाशाही चलती रहेगी? जिसे मन करता है, झूठे आरोप लगाकर जेल में डाल देते हैं. इनका झूठ एक बार फिर देश के सामने आएगा, लेकिन जेल में बिताए उस वक्त और मानसिक प्रताड़ना की भरपाई कौन करेगा? पूरी आम आदमी पार्टी और देश की जनता सत्येन्द्र जैन जी के साथ मज़बूती से खड़ी है.
वहीं AAP नेता अनुराग ढांडा ने एक्स पर लिखा, 'अब और कितने सबूत चाहिए कि बीजेपी को AAP से डर लगता है. जिस जल बोर्ड टेंडर का हवाला दे रहे हैं उस वक्त सत्येंद्र जी जेल में थे. बताओ जेल से कैसे ज़िम्मेदार हो गए? असली वजह ये है कि सत्येंद्र जैन पंजाब के सह प्रभारी हैं और पंजाब में चुनाव आ रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं