आम आदमी पार्टी के गुजरात प्रदेश अध्यक्ष ईशुदान गढ़वी को गिरफ्तारी पर पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत तमाम नेताओं ने भाजपा पर करारा हमला बोला है. ईशुदान गढ़वी पार्टी कार्यकर्ताओं की अवैध गिरफ्तारी की जानकारी लेने थाने पहुंचे थे. इस घटना के बाद गुजरात सरकार को लेकर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले तीन महीनों में गुजरात में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ 145 एफआईआर हो चुकी हैं और 160 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को सरकार गिरफ़्तार कर चुकी है. गुजरात में सरकार हार के डर से आम आदमी पार्टी से बुरी तरह से बौखलाई हुई है. इसी डर का नतीजा है कि गुरुवार को पार्टी के गुजरात प्रदेश अध्यक्ष इसुदान गढ़वी को गिरफ्तार कर लिया. अब गुजरात का एक-एक शख्स भाजपा से बदला लेगा.
उधर, पार्टी मुख्यालय पर प्रेसवार्ता कर संजय सिंह ने कहा कि पिछले तीन महीने में आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर 145 एफआईआर और करीब 160 नेताओं व कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है. उन्हें जेल में डाला गया, यातनाएं दी गईं और अपने पक्ष में झुकाने के लिए दबाव बनाया गया, लेकिन पार्टी के कार्यकर्ता और नेता चट्टान की तरह खड़े रहे. मंगलवार को “आप” कार्यकर्ता दीपक कुमार को कुछ गुंडों ने पीटा. जब वह अपनी शिकायत लेकर थाने गया, तो पुलिस ने उसी को गिरफ्तार कर लिया और उस पर धारा 307 लगा दी.
इसके बाद जब पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष इसुदान गढ़वी अपने कार्यकर्ता की पैरवी करने थाने गए, तो उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया. इसुदान गढ़वी का एक लंबा इतिहास रहा है, उन्होंने एक पत्रकार के तौर पर गुजरात की जनता को जगाने का काम किया है और एक नेता व शानदार वक्ता के तौर पर मजबूती से जनता के मुद्दे उठाते रहे हैं.संजय सिंह ने कहा कि गुजरात में आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ जो व्यवहार हो रहा है, वह इस बात का साफ संकेत है कि वे डरे हुए हैं. अरविंद केजरीवाल की रैलियों में उमड़ रही जनता को देखकर उन्हें दिख रहा है कि वर्षों से चला आ रहा उनका राज और सिंहासन हिलने वाला है.
वहीं, आम आदमी पार्टी के गुजरात प्रभारी गोपाल राय ने कहा कि गुजरात सरकार आम आदमी पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता और पार्टी के जांबाज, निडर कार्यकर्ताओं व नेताओं से इतनी डर गई है कि आए दिन कहीं न कहीं हमारे लोगों को गिरफ्तार कर रही है. उन्होंने इस बात पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि जब आम आदमी पार्टी के गुजरात प्रदेश अध्यक्ष इशुदान गढ़वी खंभालिया थाने में गिरफ्तार कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे, तो पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया, जो कि सरासर तानाशाही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं