विज्ञापन

CWG 2026: एक पाकिस्तानी समेत 5 खिलाड़ी लापता, जांच में जुटी स्कॉटलैंड पुलिस

CWG 2026: युगांडा की खेल वेबसाइट NBS स्पोर्ट के मुताबिक उनकी टीम के 4 सदस्य भी स्कॉटलैंड में लापता हो गए हैं. कहा जा रहा है कि वे टीम के साथ मंगलवार को हवाई जहाज़ से वापस अपने देश युगांडा लौटे ही नहीं.

CWG 2026: एक पाकिस्तानी समेत 5 खिलाड़ी लापता, जांच में जुटी स्कॉटलैंड पुलिस
CWG 2026:

पाकिस्तान के ओलिंपिक चैंपियन नदीम अरशद के फेल होने के बाद क्रिकेट की तरह ही उनके देश में ना सिर्फ़ उनकी ट्रोलिंग हो रही है, अंतर्राष्ट्रीय खेलों की दुनिया में उनकी फज़ीहत भी हो रही है. अब कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के बाद एक पाकिस्तानी बॉक्सर्स के स्कॉटलैंड से गायब होने की ख़बर ने पाकिस्तानी खेमे को सदमें में ला दिया है. कहा जा रहा है कि CWG 2026- गेम्स ख़त्म होने के बाद एक पाकिस्तानी बॉक्सर पाकिस्तान लौटने के बजाए स्कॉटलैंड में ही लापता हो गया. स्कॉटलैंड पुलिस उस खिलाड़ी की तलाश में जुट गई है. BBC के मुताबिक सिर्फ़ पाकिस्तान ही नहीं युगांडा के भी चार एथलीट लापता हो गए हैं जिनकी तलाश की जा रही है. 

पाकिस्तान को मिला सिर्फ़ 1 मेडल, 1 खिलाड़ी भी ग़ायब

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के 13 गोल्ड समेत 39 पदकों की तुलना में पाकिस्तान को सिर्फ़ 1 ब्रॉन्ज़ मेडल हासिल हुआ. पाकिस्तान की फ़ातिमा ज़ाहरा ने 60 किग्रा वर्ग में ब्रॉन्ज़ मेडल जीता, जिस वर्ग में भारत (हरियाणा) की प्रिया घंघस ने गोल्ड पर कब्ज़ा किया. 

पाकिस्तान के ओलिंपिक चैंपियन जैवलिन थ्रोअर नदीम अरशद की नाकामी के बाद वहां पहले से ही कोहराम मचा हुआ है. अब उनके एक खिलाड़ी के गायब होने के बाद अधिकारी और खिलाड़ी मुंह छिपाते फिर रहे हैं. पाकिस्तानी बॉक्सिंग संघ भी इस पर कोई आधिकारिक बयान देने से भी कतरा रहा है. 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तानी मुक्केबाज़ कुदरतुल्लाह अपना मुकाबला खेलने के बाद टीम होटल से गायब बताया गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक कुदरतुल्लाह का पासपोर्ट और रिटर्न टिकट टीम मैनेजर के पास था मगर फिर भी वो होटल से लापता हो गया. बताया जा रहा है कि वो रात को 2 बजे अपने होटल रूम से अतानक छू-मंतर हो गया.  

‘युगांडा के भी 4 बॉक्सर्स ग़ायब' 

युगांडा की खेल वेबसाइट NBS स्पोर्ट के मुताबिक उनकी टीम के 4 सदस्य भी स्कॉटलैंड में लापता हो गए हैं. कहा जा रहा है कि वे टीम के साथ मंगलवार को हवाई जहाज़ से वापस अपने देश युगांडा लौटे ही नहीं. रिपोर्ट्स के मुताबिक स्कॉटलैंड की पुलिस उनकी भी जांच में जुट गई है. 

पुलिस स्कॉटलैंड का बयान है, 'हमें कई खिलाड़ियों के लापता होने की रिपोर्ट मिली है. मामले की परिस्थितियों का आकलन करने के लिए जांच जारी है और होम ऑफिस के साथ शुरुआती स्तर पर तालमेल बिठाकर (उन्हें ढूंढने की) कोशिश की जा रही है.' BBC के मुताबिक युगांडा के ये 4 बॉक्सर्स- नुहू बाट्टे, एंजेल काटुशाबे, इब्राहिम केमिस और एमिलि नाकालेमा हैं. 

ये कोई नई बात नहीं!

अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के दौरान खिलाड़ियों के गायब होने की बात नई नहीं. इसलिए कई बार यूरोप के कई देशों का वीज़ा मिलने में खिलाड़ियों के साथ आम और ख़ास लोगों को भी मुश्किलें पेश आती हैं. 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के दौरान भी 2 पाकिस्तानी मुक्केबाज़ों के ग़ायब होने की ख़बर ने सुर्ख़ियां बटोरी थीं. कॉमनवेल्थ गेम्स, मल्टी स्पोर्टिंग इवेंट और कई अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट से खिलाड़ियों के लापता होने की ख़बरें आती रही हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Commonwealth Games 2026, Other Sports
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com