विज्ञापन

Asian Games 2026: लक्ष्य सेन से मनु भाकर तक, एशियाई खेलों के लिए 503 खिलाड़ी और 246 सपोर्ट स्टाफ को मंजूरी

Asian Games 2026: जापान में 19 सितंबर से शुरू होने वाले 20वें एशियाई खेलों के लिए खेल मंत्रालय ने 503 खिलाड़ियों के साथ 246 टीम अधिकारियों और सहयोगी स्टाफ वाले भारतीय दल को मंजूरी दे दी. मंत्रालय ने पहले इन खेलों के लिए 492 खिलाड़ियों को मंजूरी दी थी लेकिन अब कुछ और नाम जोड़े गए हैं.

Asian Games 2026: लक्ष्य सेन से मनु भाकर तक, एशियाई खेलों के लिए 503 खिलाड़ी और 246 सपोर्ट स्टाफ को मंजूरी
Manu bhaker And Lakshya Sen
IANS

Asian Games 2026: खेल मंत्रालय ने जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से शुरू होने वाले 20वें एशियाई खेलों के लिए बुधवार को 503 खिलाड़ियों के साथ 246 टीम अधिकारियों और सहयोगी स्टाफ वाले भारतीय दल को मंजूरी दे दी. मंत्रालय ने पहले इन खेलों के लिए 492 खिलाड़ियों को मंजूरी दी थी लेकिन उम्मीद के मुताबिक कुछ और नाम जोड़े गए हैं जिनमें मुख्य रूप से एथलेटिक्स दल के खिलाड़ी शामिल हैं.

अब भारत के दल में कुल 768 सदस्य होंगे जिसमें दल के 19 अधिकारी भी शामिल हैं. इनमें दल प्रमुख सहदेव यादव और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनशॉ पारदीवाला शामिल हैं. चोटिल भाला फेंक स्टार नीरज चोपड़ा के बिना उतरने वाले 79 सदस्यीय एथलेटिक्स दल को सबसे अधिक 31 सहयोगी स्टाफ की मंजूरी मिली है. इनमें राष्ट्रीय कोच पी राधाकृष्णन के नेतृत्व में 20 कोच शामिल हैं.

दोनों क्रिकेट टीमों के लिए 20 सहयोगी स्टाफ को मंजूरी दी गई है जिसकी अगुवाई वीवीएस लक्ष्मण करेंगे. भारत 36 खेलों में हिस्सा लेगा. प्रतियोगिता का समापन चार अक्टूबर को होगा.

डोपिंग उल्लंघन के कारण कुछ के हटे नाम

सूत्र ने कहा, 'खिलाड़ियों की लिस्ट कमोबेश वही है जिसकी सिफारिश आईओए (भारतीय ओलंपिक संघ) ने की थी. कुछ खिलाड़ियों के नाम को डोपिंग उल्लंघन के कारण हटा दिया गया है, जैसा कि पहले से दर्ज हो चुका है. हालांकि, कुछ और खिलाड़ियों को शामिल किया गया है. जिसके लिए अब एशियाई ओलंपिक परिषद की मंजूरी मिल गई है.

मनु भाकर की अगुवाई में निशानेबाजी टीम

निशानेबाजी टीम की अगुवाई दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पिस्टल निशानेबाज मनु भाकर कर रही हैं. उनके अलावा शानदार फॉर्म में चल रहीं युवा निशानेबाज सु्रुचि सिंह (पिस्टल), एलावेनिल वलारिवन (राइफल) और ईशा सिंह (पिस्टल) भी टीम में हैं.

भारोत्तोलन टीम में मीराबाई और ज्ञानेश्वरी देवी

भारोत्तोलन टीम में मीराबाई चानू (49 किग्रा) और ज्ञानेश्वरी देवी (53 किग्रा) प्रमुख नाम हैं. हाल के राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतकर सुर्खियों में आईं ज्ञानेश्वरी टीम का हिस्सा हैं. कुछ चयनित खिलाड़ियों के डोपिंग उल्लंघन के कारण भारोत्तोलन टीम को घटाकर पांच सदस्यीय करना पड़ा है. राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता ऋषिकांत सिंह (60 किग्रा) इस टीम के एकमात्र पुरुष सदस्य हैं.

बैडमिंटन टीम में कई बड़े नाम

बीस सदस्यीय बैडमिंटन टीम में पी वी सिंधू, आयुष शेट्टी और लक्ष्य सेन जैसे प्रमुख नाम भी शामिल हैं. शनिवार को यहां विश्व चैंपियनशिप का कांस्य पदक जीतने वाली गायत्री गोपीचंद और त्रीसा जॉली की महिला युगल जोड़ी के अलावा सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरुष युगल को भी टीम में जगह मिली है.

मुक्केबाजी टीम में लवलीना समेत अन्य खिलाड़ी

मुक्केबाजी टीम में हाल में हुए राष्ट्रमंडल खेलों की रजत पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा), नरेन्द्र बेरवाल (+90 किग्रा) और जादूमणि सिंह (55 किग्रा) शामिल हैं.

ये भी पढ़ें-  नीरज चोपड़ा ने कितनी बार जीता है गोल्ड मेडल? जानिए 9 बड़े खिताबों की पूरी कहानी

(पीटीआई इनपुट के साथ)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Other Sports
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com