दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी आर्यना सबालेंका ने अपने हालिया US ओपन मैच के दौरान खेल रोक दिया. साथ ही उन्होंने एक अधिकारी से गांजे की तेज गंध की शिकायत की थी. बेलारूस की टेनिस स्टार ने चेयर अंपायर को उस गंध के बारे में बताया जो न्यूयॉर्क के लुइस आर्मस्ट्रांग स्टेडियम में आ रही थी. उन्होंने उज्बेकिस्तान की खिलाड़ी कामिला राखिमोवा के खिलाफ अपने तीसरे दौर के मैच में दूसरे सर्विस गेम के दौरान यह मुद्दा उठाया.
उन्होंने अंपायर ईवा एस्डेराकी-मूर से कहा कि, 'कोई गांजा पी रहा है.' उन्होंने कोर्ट के अपने हिस्से की ओर इशारा करते हुए आगे कहा, 'क्या आप कुछ कर सकती हैं? क्योंकि यह गंध बहुत तेज है.' स्काई न्यूज के मुताबिक, US ओपन के स्टाफ के सदस्य गंध वाली जगह खोजने के लिए दर्शकों के बीच गए. बाद में खेल फिर से शुरू हुआ.
पहले भी कई बार शिकायत कर चुके हैं खिलाड़ी
फ्लशिंग मीडोज में गांजे की गंध एक आम बात हो गई है. खिलाड़ी हाल के समय में और पिछले कुछ वर्षों में इससे ध्यान भटकने की शिकायत करते रहे हैं. ब्रिटेन की केटी बोल्टर ने पिछले महीने कहा था कि इस गंध से उनके खेल पर बुरा असर पड़ रहा है. उन्होंने कहा, 'मुझे यह बिल्कुल पसंद नहीं है. मुझे पता है कि कई खिलाड़ियों ने कुछ खास कोर्ट पर इसकी शिकायत की है. मैंने भी पहले एक कोर्ट पर खेला है और मैच के दौरान मुझे भी इसकी गंध आई थी.'
उन्होंने कहा कि, 'यह ऐसी चीज है जिसकी गंध मैं अपने मैच के बीच में नहीं लेना चाहूंगी. मैं ध्यान केंद्रित करने की कोशिश कर रही होती हूं और जाहिर है, यह आपको उस पल से बाहर खींच लेती है और आप ऐसा बिल्कुल नहीं चाहते.' 'आपको ध्यान भटकाने वाली चीजों की जरूरत नहीं होती. तो हां, मुझे यह बिल्कुल पसंद नहीं था.'
2022 में निक किर्गियोस ने की शिकायत
2022 में ऑस्ट्रेलिया के निक किर्गियोस ने कहा था कि उनके दूसरे दौर के मैच के दौरान लुइस आर्मस्ट्रांग स्टेडियम में फैली गांजे की गंध से उन्हें डर था कि इससे उनका अस्थमा बढ़ सकता है. किर्गियोस ने अंपायर से गंध की शिकायत की, जिसके बाद दर्शकों को 'धूम्रपान न करने' की चेतावनी दी गई. और एक साल बाद, ग्रीस की मारिया सकारी ने अपने पहले दौर के मैच में हार के दौरान गांजे की तेज गंध की शिकायत की थी.
उसी टूर्नामेंट में, जर्मनी के अलेक्जेंडर ज़्वेरेव ने कहा, 'हे भगवान, यह हर जगह है. पूरे कोर्ट में वीड (गांजे) की महक आ रही है.' टूर्नामेंट के मैदान के अंदर स्मोकिंग की इजाज़त नहीं है. लेकिन न्यूयॉर्क में 21 साल और उससे ज़्यादा उम्र के वयस्कों के लिए मनोरंजन के तौर पर कैनबिस (गांजा) का इस्तेमाल कानूनी है. और आस-पास के फ्लशिंग मीडोज़ कोरोना पार्क में लोगों द्वारा किए गए स्मोक से निकलने वाला धुआं टेनिस कॉम्प्लेक्स और कोर्ट तक आ सकता है.
मैच की बात करें तो शीर्ष वरीयता प्राप्त और दो बार की डिफेंडिंग चैंपियन आर्यना सबालेंका ने शुक्रवार को न्यूयॉर्क के लुइस आर्मस्ट्रांग स्टेडियम में यूएस ओपन के महिला सिंगल्स के तीसरे राउंड के मैच में कामिला राखिमोवा को 6-3, 6-4 से हराया. उन्होंने दुनिया की 92वें नंबर की खिलाड़ी राखिमोवा की कड़ी चुनौती का सामना किया और जीत हासिल कर लगातार पांचवें साल यूएस ओपन के चौथे दौर में जगह बनाई.
ये भी पढ़ें- कौन मनु भाकर का पूरे दिन करता है इंतजार? स्टार शूटर ने शेयर की तस्वीर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं