मुंबई के सायन इलाके से साइबर ठगी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 22 साल की युवती को अंधविश्वास का झांसा देकर लाखों रुपये की चपत लगा दी गई. ठगों ने खुद को तांत्रिक और ‘जिन्न का मालिक' बताकर युवती को अपने जाल में फंसाया और करीब ढाई साल तक उससे पैसे वसूलते रहे.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पीड़िता सायन पूर्व के प्रतीक्षा नगर की रहने वाली है. साल 2023 में वह इंस्टाग्राम इस्तेमाल कर रही थी, तभी उसकी नजर एक पोस्ट पर पड़ी जिसमें पावरफुल ऑब्सेशन हीलर के नाम से करियर, प्यार और निजी समस्याओं का समाधान करने का दावा किया गया था. उत्सुकता में युवती ने पोस्ट में दिए गए लिंक पर क्लिक किया, जिसके बाद उसकी बातचीत व्हाट्सएप पर एक शख्स से शुरू हुई.
अलग-अलग नाम बताकर करता था युवती से बात
आरोपी ने कभी खुद को ‘वाहिद' तो कभी ‘साहिल' बताकर युवती से बात की. शुरुआत में उसने भरोसा जीतने के लिए उसके भविष्य को लेकर बड़ी-बड़ी बातें कीं और फिर धीरे-धीरे उसे तांत्रिक विधि कराने के लिए राजी कर लिया. कुछ समय बाद उसने दावा किया कि उसके पास ‘जिन्न' है, जो युवती की हर इच्छा पूरी कर सकता है. चाहे वो पैसा हो, करियर हो या प्यार.
यह भी पढ़ें- सावधान! गैस सिलेंडर बुक करवाने के बहाने APK ठगी... सरकार ने चेतावनी जारी की, न करें ये गलती
इसके बाद ठगी का सिलसिला शुरू हुआ. पहले 25 हजार रुपये मांगे गए, लेकिन फिर अलग-अलग बहाने बनाकर बार-बार पैसों की मांग की जाती रही. कभी कहा जाता कि विधि अधूरी है, कभी नकारात्मक ऊर्जा हटानी है, तो कभी ‘जिन्न नाराज' होने का डर दिखाया गया. युवती इन बातों में उलझती चली गई और अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करती रही.
अलग-अलग खातों में जमा कराए पैसे
जांच में सामने आया है कि पैसे कई अलग-अलग नामों वाले खातों में जमा करवाए गए. जैसे सुमरा मोहम्मद, मोसिन सलीम और गुलनाज. इससे पुलिस को शक है कि यह कोई बड़ा संगठित साइबर गिरोह हो सकता है, जो सोशल मीडिया के जरिए लोगों को अंधविश्वास के नाम पर निशाना बनाता है.
यह भी पढ़ें- अमेरिका की ईरान के खिलाफ बड़ी साइबर स्ट्राइक, साइबर हमले और प्रोपेगेंडा फैलाने के आरोप में 4 वेबसाइट सीज
ठगों के कहने पर बेच दिया घर का सोना
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि युवती ने ठगों के कहने पर अपने घर का सोना तक बेच दिया और उसकी रकम भी उन्हें दे दी. लेकिन जब लंबे समय तक कोई फायदा नहीं हुआ और पैसों की मांग खत्म नहीं हुई, तब जाकर उसे ठगी का एहसास हुआ.
इसके बाद पीड़िता ने साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई. फिलहाल मुंबई साइबर सेल इंस्टाग्राम अकाउंट, मोबाइल नंबर और बैंक डिटेल्स की जांच में जुटी है और पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश कर रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं