Overseas Job Fraud Alert: आजकल हर कोई अच्छी जॉब और मोटी सैलरी चाहता है. अब इसी बीच अगर आपको अचानक ही घर बैठे विदेश में लाखों रुपये महीने की नौकरी का ऑफर आए, तो आप क्या करेंगे. आप खुश हो जाएंगे, खुशी से झूम उठेंगे, लेकिन सावधान. आपकी यही खुशी आपको 'साइबर गुलामी' (Cyber Slavery) में फंसा सकती है. हाल ही में तमिलनाडु पुलिस की साइबर क्राइम विंग (Cyber Crime Wing) ने मदुरै से मदन वडिवेल नाम के एक ऐसे ही एजेंट को गिरफ्तार किया है, जो कंबोडिया (Cambodia) के इंटरनेशनल स्कैम नेटवर्क से जुड़ा था. चलिए जानते हैं ये पूरा खेल क्या है और अगर आपको भी इस तरह का कोई ऑफर आए, तो सेफ कैसे रहें.
कंबोडिया जॉब स्कैम क्या है, इसमें कैसे फंसाया जाता है?
पुलिस की जांच में जो बात सामने आई है, उसके अनुसार, एजेंट सोशल मीडिया, व्हाट्सएप या टेलीग्राम पर 'विदेश में नौकरी और हाई सैलरी' का विज्ञापन डालते हैं. शुरुआत में ये एजेंट आपका पासपोर्ट, वीजा और टिकट खुद ही अरेंज कराने का नाटक करते हैं, ताकि आपको शक न हो. जैसे ही कोई बेरोजगार युवा इनके झांसे में आकर कंबोडिया, लाओस या वियतनाम पहुंचते हैं, उसे एयरपोर्ट से सीधे 'स्कैम कंपाउंड्स' (एक तरह की अवैध जेल) में बंद कर दिया जाता है.
स्कैम कंपाउंड्स में क्या होता है?
वहां उनका पासपोर्ट छीन लिया जाता है और गन प्वॉइंट पर उनसे भारत के ही मासूम लोगों से ऑनलाइन ठगी जैसे शेयर बाजार स्कैम, क्रिप्टो फ्रॉड करवाई जाती है. इसे ही 'साइबर गुलामी' कहा जा रहा है. पकड़ा गया एजेंट वहां जल्लीकट्टू नाम से रेस्टोरेंट चलाता था, ताकि वहां बंधक बनाए गए भारतीय युवाओं को खाना खिला सके और इस काम के बदले उसे मोटा कमीशन मिलता था. वहां से भागे एक पीड़ित ने किसी तरह भारतीय दूतावास (Indian Embassy) से मदद ली और भारत लौटकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
यह भी पढ़ें:- WhatsApp PDF Scam: सरकारी नोटिस जैसी PDF से खाली हो सकता है बैंक अकाउंट, भूलकर भी न करें क्लिक
स्कैम से सेफ रहने के लिए इन 4 बातों का रखें खास ख्याल
1. सोशल मीडिया के विज्ञापनों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें
अगर आप या आपके परिवार में कोई भी विदेश में नौकरी ढूंढ रहा है, व्हाट्सएप ग्रुप्स, टेलीग्राम चैनल्स या इंस्टाग्राम पर मिलने वाले 'वर्क फ्रॉम होम' या 'ओवरसीज जॉब' के ऑफर्स ज्यादातर फर्जी होते हैं. कोई भी बड़ी कंपनी इस तरह से नौकरियां नहीं बांटती हैं.
2. सरकारी वेबसाइट से करें वेरिफिकेशन
तमिलनाडु पुलिस की साइबर विंग की डायरेक्टर जनरल (DGP) बाला नागा देवी ने सलाह दी है कि किसी भी विदेशी जॉब ऑफर को स्वीकार करने से पहले सरकार की अधिकृत वेबसाइट eMigrate (emigrate.gov.in) पर जाकर रजिस्टर्ड एजेंटों की लिस्ट जरूर चेक करें.
3. पैसे मांगने वाले एजेंटों से दूर रहें
अगर कोई एजेंट आपसे नौकरी दिलाने के नाम पर पहले लाखों रुपए एडवांस मांग रहा है या मेडिकल और फाइल चार्ज के नाम पर पैसे ऐंठ रहा है, तो तुरंत समझ जाएं कि दाल में कुछ काला है और पहले ही तौबा कर लें.
4. टूरिस्ट वीजा पर काम करने विदेश न जाएं
ठग अक्सर युवाओं को टूरिस्ट वीजा पर कंबोडिया, बैंकॉक या अन्य देशों में भेजते हैं और कहते हैं कि वहां जाकर इसे वर्क वीजा में बदलवा देंगे. कानून के मुताबिक यह गलत है और ऐसा करने पर आप वहां जाकर पूरी तरह फंस सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं