विज्ञापन
This Article is From Apr 21, 2016

डॉन को नहीं मिल पाया बर्थडे गिफ्ट! मुंबई पुलिस ने व्यापारी की हत्या करने की साजिश नाकाम की

डॉन को नहीं मिल पाया बर्थडे गिफ्ट! मुंबई पुलिस ने व्यापारी की हत्या करने की साजिश नाकाम की
आरोपियों से जब्त किए गए हथियार दिखाते पुलिसकर्मी
मुंबई: मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने एक व्यापारी की हत्या की कोशिश को नाकाम कर डी कंपनी को बड़ा झटका दिया है। इस मामले में छोटा शकील के तीन शूटरों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की मानें तो तीनों अगर समय रहते पकड़ में नहीं आते, तो उक्त व्यापारी की हत्या करने में सफल हो जाते और ये शूटरों की तरफ से डॉन को जन्मदिन का उपहार होता। पुलिस सूत्रों के मुताबिक बुधवार यानी 20 अप्रैल को छोटा शकील का जन्म दिन था।

छोटा शकील के इशारे पर व्यापारी की हत्या की साजिश थी
मुंबई पुलिस की अपराध शाखा के संयुक्त पुलिस आयुक्त अतुलचंद्र कुलकर्णी के मुताबिक अंडरवर्ल्ड की गतिविधियों पर नजर रखने वाली एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने खुफिया सूचना के आधार पर जोगेश्वरी में मीना होटल के पास से 3 लोगों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 7.65 बोर की 2 पिस्तौल, 12 जिंदा कारतूस और सर्जिकल ब्लेड मिले। पूछताछ में पता चला कि छोटा शकील के इशारे पर वो एक व्यापारी की हत्या करने आए थे।

रामपुरी से शुरू हुए अंडरवर्ल्ड में बंदूक के साथ पहली बार सर्जिकल ब्लेड बरामद हुआ है। संयुक्त पुलिस आयुक्त अतुलचंद्र कुलकर्णी के मुताबिक पूछताछ में पता चला है कि बंदूक के हमले से अगर शिकार बच जाता तो सर्जिकल ब्लेड से उसका काम तमाम करने की योजना थी।

डॉन की नाराजगी की वजह साफ नहीं
हैरानी की बात है कि शूटरों के निशाने पर जिस इकबाल अतरवाला का नाम आ रहा है, वो खुद कभी छोटा शकील से जुड़ा था। वह दुबई में रह चुका है और मुंबई आने के बाद जमीन हथियाने और जबरन वसूली जैसे मामलों में पहले गिरफ्तार भी हो चुका है। पुलिस ने अभी ये साफ नहीं किया है कि डॉन की नाराजगी की वजह क्या है? छोटा शकील के गिरफ्तार गुर्गों का नाम माइकल जॉन डिसूजा, नईम फहीम खान और नितिन गोपाल गुरव है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
छोटा शकील, मुंबई, हत्या की साजिश, मुंबई पुलिस, Chhota Shakeel, Mumbai, Murder Attempt, Mumbai Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com