विज्ञापन
This Article is From Jun 18, 2020

रायगढ़ जिले में मिला हाथी का शव, 10 दिन में छह हाथियों की मौत

रायगढ़ जिले के वन विभाग के अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र में सुबह एक हाथी का शव बरामद हुआ है. पिछले तीन दिन में इस क्षेत्र में हाथी का शव मिलने की दूसरी घटना है.

रायगढ़ जिले में मिला हाथी का शव, 10 दिन में छह हाथियों की मौत
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में वन विभाग ने हाथी का शव बरामद किया है.
  • रायगढ़ जिले में वन विभाग ने हाथी का शव बरामद किया
  • राज्य में पिछले 10 दिन में छह हाथियों की मौत हो चुकी है.
  • जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र में सुबह एक हाथी का शव बरामद हुआ
रायगढ़:

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में वन विभाग ने हाथी का शव बरामद किया है. राज्य में पिछले 10 दिन में छह हाथियों की मौत हो चुकी है. रायगढ़ जिले के वन विभाग के अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र में सुबह एक हाथी का शव बरामद हुआ है. पिछले तीन दिन में इस क्षेत्र में हाथी का शव मिलने की दूसरी घटना है. धरमजयगढ़ क्षेत्र की वन मंडलाधिकारी प्रियंका पांडेय ने बताया कि रायगढ़ से करीब 50 किलोमीटर दूर बेहरामार गांव में एक नर दंतैल हाथी का शव बरामद हुआ है. हाथी का शव एक किसान के घर के पीछे मिला है. पांडेय ने बताया कि सुबह ग्रामीण से सूचना मिलने पर वन अमला घटनास्थल पर पहुंचा तथा हाथी का शव बरामद किया गया.

अधिकारी ने बताया कि हाथी की मौत के कारणों के बारे में जानकारी नहीं मिली है. पोस्टमार्टम के बाद इस संबंध में सही जानकारी मिल सकेगी. मृत हाथी के दांत सुरक्षित है. विभाग मामले की जांच कर रहा है. रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र के गिरीशा गांव में मंगलवार को वन विभाग ने एक हाथी का शव बरामद किया था. अधिकारियों के मुताबिक हाथी की मृत्यु करंट लगने के कारण हुई थी. इस मामले में बिजली विभाग के तीन कर्मियों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

छत्तीसगढ़ में पिछले 10 दिन में छह हाथियों की मौत हो गई है. राज्य के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र में नौ और 10 जून को वन विभाग ने दो हाथियों का तथा 11 जून को बलरामपुर जिले में एक हाथी का शव बरामद किया था. लगातार तीन हाथियों की मौत के बाद राज्य शासन ने बलरामपुर जिले में वन विभाग के तीन कर्मचारियों और एक वन रक्षक को निलंबित कर दिया था. वहीं बलरामपुर के वनमंडल अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. मामले की जांच की जा रही है. बीते मंगलवार को धमतरी जिले के मोंगरी गांव के दलदल में हाथी के एक बच्चे का शव बरामद किया गया था.

VIDEO: सफारी इंडिया: हाथी और इंसान के टकराव में दोनों की हो रही मौत

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Elephant Death, Elephant Death In Raigarh, Chhattisgarh Government
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com