- मुंबई के मुहर्रम जुलूस में जिंक फॉस्फाइड से भरे कैप्सूल इम्यूनिटी बूस्टर बताकर बांटे गए थे
- जिंक फॉस्फाइड अत्यंत जहरीला पदार्थ है जो शरीर में जाकर गंभीर मल्टी-ऑर्गन फेल्योर कर सकता है
- इस जहरीले पदार्थ के सेवन पर उल्टी, पेट दर्द, चक्कर, सांस लेने में कठिनाई जैसे लक्षण प्रकट होते हैं
मुंबई में मुहर्रम जुलूस के दौरान लोगों को खतरनाक केमिकल जिंक फॉस्फाइड से भरे कैप्सूल बांटे जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. इन कैप्सूलों का सेवन करने के कारण कई लोगों की जान पर बन आई. आरोपी BBA ग्रेजुएट इन कैप्सूलों को दर्द निवारक और इम्यूनिटी बूस्टर बताकर लोगों को बांट रहा था. मुंबई पुलिस की जांच में इस पूरे मामले में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं.
आइए जानते हैं कि आखिर जिंक फॉस्फाइड क्या है और यह इंसानी शरीर के लिए कितना खतरनाक है?
प्रत्येक कैप्सूल में था एक ग्राम जिंक फॉस्फाइड
बता दें कि जिंक फॉस्फाइड एक अत्यधिक जहरीला रासायनिक पदार्थ है. इसका इस्तेमाल आमतौर पर घरों और खेतों में चूहों को मारने के लिए किया जाता है. इसके शरीर में जाने से गंभीर पॉइजनिंग हो सकती है और जान जाने का खतरा रहता है. पेट में जाने के बाद यह रसायन पेट के एसिड के साथ प्रतिक्रिया करके फॉस्फीन गैस बनाता है. यह गैस शरीर के लिए अत्यंत घातक होती है, जो हृदय, फेफड़े, लीवर, किडनी और मस्तिष्क को सीधे प्रभावित करती है.

मुंबई मुहर्रम जुलूस में 'इम्यूनिटी बूस्टर' के नाम पर बंटी मौत! जानिए क्या है वह खतरनाक 'जिंक फॉस्फाइड' जहर
शरीर पर होने वाले प्रभाव
- इसके असर से शरीर की कोशिकाओं द्वारा ऑक्सीजन का उपयोग करने की प्रक्रिया बाधित हो जाती है.
- दिल की धड़कन अनियमित हो सकती है.
- ब्लड प्रेशर तेजी से कम हो सकता है.
- सांस लेने में अत्यधिक तकलीफ हो सकती है.
- शरीर के कई अंगों के काम बंद करने यानी मल्टी-ऑर्गन फेल्योर का खतरा रहता है.
जिंक फॉस्फाइड के सेवन के बाद दिखने वाले लक्षण
- मतली (जी मिचलाना) और लगातार उल्टी होना.
- पेट में असहनीय तेज दर्द.
- मुंह या उल्टी से लहसुन जैसी तीखी गंध आना.
- चक्कर आना और भारी कमजोरी महसूस होना.
- अत्यधिक पसीना आना.
जिंक फॉस्फाइड पॉइजनिंग होने पर डॉक्टर क्या जांचते हैं?
- मरीज का ब्लड प्रेशर और हृदय की स्थिति.
- ईसीजी में होने वाले बदलाव.
- खून में ऑक्सीजन का स्तर.
- लीवर और किडनी फंक्शन टेस्ट.
- फेफड़ों और सांस लेने की क्षमता.
जिंक फॉस्फाइड का सेवन करने पर इलाज
इस जहर का कोई विशिष्ट एंटीडोट उपलब्ध नहीं है. जिंक फॉस्फाइड का सेवन करने वाले व्यक्ति को बिना समय गंवाए तुरंत अस्पताल में भर्ती करना आवश्यक होता है. मरीज को ऑक्सीजन और वेंटलेटर सपोर्ट की आवश्यकता पड़ सकती है. हृदय और ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने के लिए लक्षणात्मक उपचार किया जाता है. शरीर में जहर को और अधिक फैलने से रोकने के लिए प्राथमिक चिकित्सा दी जाती है. जिंक फॉस्फाइड विषाक्तता को एक गंभीर मेडिकल इमरजेंसी माना जाता है, क्योंकि इसकी थोड़ी सी मात्रा का सेवन भी जानलेवा साबित हो सकता है.
मुंबई में जहर बांटने का पूरा मामला क्या है?
मुंबई के भायखला इलाके में मुहर्रम के आशूरा जुलूस के दौरान एक बेहद खौफनाक साजिश का पर्दाफाश हुआ है. यहां रे रोड स्थित रहमताबाद कब्रिस्तान के पास कुछ संदिग्ध लोग जुलूस में शामिल लोगों को बड़े-बड़े थैलों से मुट्ठियां भर-भरकर मुफ्त में कैप्सूल बांट रहे थे. इन आरोपियों ने दावा किया था कि ये कैप्सूल इम्यूनिटी बूस्टर और दर्द निवारक हैं.
वहां मौजूद एक महिला को शक हुआ, तो उसने कैप्सूल को खोलकर देखा, जिसके अंदर अजीब सा पाउडर मिला. महिला ने तुरंत इसकी सूचना भायखला पुलिस को दी. इस बीच, यह कैप्सूल खाने से सलमान सय्यद और शबीना नामक महिला सहित कई नागरिकों की तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई, जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.
कौन है आरोपी फय्याज प्रेमजी?
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस उपायुक्त जयंत मीना ने बताया कि मुंबई की भायखला पुलिस ने मुख्य आरोपी फय्याज प्रेमजी को गिरफ्तार कर लिया है. उसके पास इन कैप्सूलों को बेचने या बनाने का कोई लाइसेंस या अनुमति नहीं थी. उसका असली मकसद कैप्सूल के जरिए लोगों को जिंक फॉस्फाइड देना था. उसने कैप्सूल के अंदर भारी मात्रा में जिंक फॉस्फाइड भर रखा था. पुलिस ने मौके से ही 14,900 कैप्सूल जब्त किए हैं.
मुंबई पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी फय्याज प्रेमजी ने 30,000 खाली कैप्सूल और 50 किलो फॉस्फोरस का भी ऑर्डर दिया था. आरोपी काफी पढ़ा-लिखा है और उसने BBA की डिग्री ली है. वह पहले ईरान और इराक का दौरा भी कर चुका है. जब्त किए गए पाउडर को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है. पुलिस अब आरोपी के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन और इस जानलेवा साजिश के असली मकसद की गहराई से तफ्तीश कर रही है.
यह भी पढ़ें- मुंबई: मुहर्रम के जुलूस में BBA ग्रेजुएट ने इम्यूनिटी बूस्टर बताकर बांटा जहर! कहां से लाया 14,900 कैप्सूल?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं