महाराष्ट्र में त्योहारी सीजन के दौरान खाद्य सुरक्षा को लेकर महाराष्ट्र FDA ने बड़ा अभियान शुरू किया है. इसी कड़ी में मुंबई के प्रतिष्ठित कैफे मोंडेगर समेत छह खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं. जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता, भंडारण और लेबलिंग संबंधी गंभीर खामियां सामने आईं. इसके अलावा राज्यभर में दूध, खोया, घी, मिठाई और अन्य खाद्य उत्पादों के हजारों किलो स्टॉक को जब्त किया गया है. FDA का कहना है कि मिलावटी, खराब और मानकों के विपरीत खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
कैफे मोंडेगर में मिली गंभीर अनियमितताएं
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार दक्षिण मुंबई के कोलाबा स्थित ऐतिहासिक कैफे मोंडेगर का निरीक्षण 12 सितंबर को किया गया. जांच के दौरान FDA अधिकारियों को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ी कई गंभीर कमियां मिलीं.
अधिकारियों ने यह भी पाया कि पका हुआ भोजन तेजी से ठंडा करने के मानकों का पालन नहीं हो रहा था, जिससे खाद्य सुरक्षा पर असर पड़ सकता था.

सफाई और संरचनात्मक खामियों पर भी कार्रवाई
जांच के दौरान रसोई और भोजन तैयार करने वाले क्षेत्रों में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली. FDA के अनुसार फर्श कई स्थानों पर खराब और नमी से प्रभावित था. भोजन तैयार करने वाले क्षेत्र के नजदीक जल निकासी की व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं थी, जिससे क्रॉस-कंटैमिनेशन का खतरा बढ़ सकता था. कुछ उपकरणों की नियमित सफाई और सैनिटाइजेशन भी नहीं किया जा रहा था. इन खामियों को गंभीर मानते हुए कैफे का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया.
मुंबई के तीन अन्य प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई
FDA ने मुंबई में तीन अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस भी निलंबित किए हैं. इनमें महाराष्ट्र बिरयानी सेंटर कांदिवली और घाटकोपर के त्रिभुवन डेयरी फार्म व महावीर काजू एंड फूड्स प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं. जांच में इन प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की अनुसूची-4 का उल्लंघन पाया गया. इस अनुसूची में खाद्य व्यवसाय संचालकों के लिए अनिवार्य स्वच्छता और सैनिटेशन नियम निर्धारित हैं.
पुणे और कोल्हापुर में भी लाइसेंस निलंबित
पुणे संभाग में भी दो प्रतिष्ठानों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई. कोल्हापुर स्थित होटल मल्हार वाडा का लाइसेंस गंभीर अनियमितताओं के कारण निलंबित किया गया. वहीं पुणे के मार्केट यार्ड स्थित पूरमचंद एंड संस के यहां निरीक्षण के दौरान एक्सपायर्ड खाद्य उत्पाद मिलने और अन्य गंभीर कमियां मिलने पर उसका लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया.
त्योहारी अभियान में 38 प्रतिष्ठानों की जांच
FDA ने 11 से 14 सितंबर के बीच विशेष अभियान चलाकर मुंबई में 38 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया. इस दौरान दूध, खोया (खाेवा), घी और मिठाइयों सहित 47 खाद्य नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए. कई प्रतिष्ठानों में संदिग्ध गुणवत्ता वाले उत्पाद पाए गए, जिन्हें जब्त कर लिया गया. अंधेरी स्थित आयुष मिल्क सप्लायर से बर्फी का नमूना लिया गया और 23 किलोग्राम स्टॉक जब्त किया गया. वहीं मुलुंड स्थित बृजवासी मिठाइयां दुकान से खोया का नमूना लेकर 225 किलोग्राम स्टॉक जब्त किया गया.
राज्यभर में हजारों किलो खाद्य सामग्री जब्त
FDA के अनुसार राज्यव्यापी अभियान के दौरान दूध, खोया, पनीर, घी, पेड़ा, हलवा, श्रीखंड, मक्खन और मिल्क पाउडर सहित कुल 4,138.7 किलोग्राम खाद्य उत्पाद और 30 लीटर तरल दूध जब्त किया गया. जप्त सामग्री की कुल कीमत 15.58 लाख रुपये से अधिक बताई गई है. कोल्हापुर, पुणे और जलगांव समेत विभिन्न जिलों में कई डेयरी और मिठाई प्रतिष्ठानों से संदिग्ध या मानकों से कम गुणवत्ता वाले उत्पाद बरामद किए गए हैं.
FDA आयुक्त ने दी चेतावनी
FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे ने कहा कि खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले, मिलावटी या एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री बेचने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान लोगों तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है और नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.
प्रतिबंधित गुटखा के खिलाफ भी अभियान
FDA ने खाद्य सुरक्षा अभियान के साथ-साथ प्रतिबंधित गुटखा और तंबाकू उत्पादों के खिलाफ भी कार्रवाई की. जालना जिले में पुलिस और FDA की संयुक्त टीम ने करीब 95.30 लाख रुपये मूल्य का गुटखा और अन्य प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ जब्त किए. परिवहन में इस्तेमाल वाहनों सहित जब्त सामग्री का कुल मूल्य 1.35 करोड़ रुपये बताया गया. बीड़ जिले में भी एक वाहन से गुटखा बरामद किया गया और संबंधित लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया.
यह भी पढ़ें : तुकाराम मुंडे का FDA एक्शन मोड, 100 दिनों में 12000 से ज्यादा रेड, 603 लाइसेंस सस्पेंड और 875 गिरफ्तारियां
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं