महाराष्ट्र के FDA डायरेक्टर तुकाराम मुंडे काफी चर्चा में हैं. उनकी टीम ने पिछले 100 दिनों में 12000 से ज्यादा रेड की हैं. इस दौरान 603 लाइसेंस निलंबित किए और 875 गिरफ्तारियां कीं. यह आंकड़ा पिछले पूरे साल के 16417 निरीक्षण, 222 लाइसेंस निलंबन और 584 गिरफ्तारियों की तुलना में कहीं ज्यादा तेज और सख्त कार्रवाई को दिखाता है. यह साफ तौर पर दर्शाता है कि सामान्य तौर पर एक साल में होने वाली कार्रवाई की तुलना में इन तीन महीनों के दौरान दंडात्मक कार्रवाई और AI आधारित निगरानी में बड़ा उछाल आया है.
3 महीनों में 199 खाने-पीने की जगहों के लाइसेंस सस्पेंड
अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि पिछले तीन महीनों में राज्यभर में 1800 से ज्यादा होटलों, क्लबों और ढाबों की जांच के बाद महाराष्ट्र FDA ने 199 खाने-पीने की जगहों के लाइसेंस निलंबित कर दिए. जांच के दौरान कई जगहों पर रसोई में कॉकरोच, बिना ढका कच्चा मांस और गंदे बर्तन पाए गए. अधिकारियों के अनुसार, पुणे डिवीजन में सबसे ज्यादा लाइसेंस निलंबित किए गए, जिससे यह क्षेत्र नियमों के उल्लंघन के मामलों में सबसे आगे रहा. इसके अलावा, कोल्ड चेन और साफ-सफाई से जुड़ी गंभीर कमियों को लेकर 948 सुधार नोटिस भी जारी किए गए.
पुणे में सबसे ज्यादा कार्रवाई
FDA के मुताबिक, कार्रवाई के मामले में पुणे सबसे आगे रहा, जहां 4,261 जांचें की गईं और 168 लाइसेंस निलंबित किए गए. इसके बाद कोंकण में 3,142 जांचें और 108 निलंबन हुए, जबकि ग्रेटर मुंबई में 1,451 जांचों के दौरान 121 लाइसेंस निलंबित किए गए. अन्य डिवीजनों में नासिक में 1,356 जांचें और 56 निलंबन, छत्रपति संभाजीनगर में 1,173 जांचें और 61 निलंबन, अमरावती में 989 जांचें और 45 निलंबन तथा नागपुर में 711 जांचें और 44 निलंबन दर्ज किए गए.
तुकाराम मुंडे के कार्यभार संभालने के बाद तेज हुई कार्रवाई
क्षेत्रवार ये आंकड़े 25 मई से 31 अगस्त की अवधि के हैं. इस साल की शुरुआत में IAS अधिकारी तुकाराम मुंडे द्वारा एजेंसी का कार्यभार संभालने के बाद FDA ने रेस्तरां, डेयरी और खाद्य निर्माण इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी थी.
जांच में क्या-क्या कमियां मिलीं?
FDA ने बताया कि होटलों और रेस्तरां की जांच में खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम (FSS Act) की अनुसूची-4 के गंभीर उल्लंघन पाए गए. इनमें साफ पानी और जल निकासी की व्यवस्था का अभाव, कोल्ड चेन नियमों का उल्लंघन, रेफ्रिजरेटर का गलत तापमान, रसोई में कॉकरोच की मौजूदगी और खाना बनाने व परोसने के दौरान साफ-सफाई के नियमों का पालन न करना शामिल है. अन्य कमियों में खराब ढांचागत व्यवस्था, खुले कंटेनरों में रखा कच्चा चिकन, बिना ढकी कटी हुई सब्जियां, पानी की जांच का रिकॉर्ड न होना, गंदे फर्श, गंदे बर्तन और खाद्य पदार्थों के संपर्क में आने वाली सतहों की सफाई न होना शामिल है.
यह भी पढ़ें: 10 हजार किलो नकली पनीर, 5 हजार किलो खराब मावा पकड़ा, एक्शन में तुकाराम की टीम, पुणे में महारेड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं