देश में उपभोक्ताओं की सेहत से जुड़े दो बड़े मामलों ने चर्चा तेज कर दी है. एक तरफ महाराष्ट्र FDA प्रमुख तुकाराम मुंढे ने पान मसाला से जुड़े विज्ञापनों में दिखाई देने वाले बॉलीवुड सितारों को सख्त संदेश दिया है. दूसरी तरफ FSSAI ने नेस्ले इंडिया के कुछ बेबी फूड उत्पादों और उनके प्रचार को लेकर नोटिस जारी किया है.
सितारों को नोटिस, एक अभिनेता की ओर से अब तक जवाब नहीं
NDTV से खास बातचीत में तुकाराम मुंढे ने कहा कि जो लोग प्रतिबंधित उत्पादों को बढ़ावा देते हैं वे उनके लिए स्टार नहीं बल्कि कानून तोड़ने वाले हैं. उन्होंने साफ कहा कि आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
FDA ने 11 अगस्त को अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को नोटिस भेजा था. ये तीनों विमल इलायची के विज्ञापनों में नजर आते हैं. आरोप है कि इन विज्ञापनों के जरिए अप्रत्यक्ष रूप से पान मसाला का प्रचार किया जा रहा है. महाराष्ट्र में पान मसाला प्रतिबंधित उत्पादों की श्रेणी में आता है. मुंढे ने बताया कि तीन में से दो सितारों ने नोटिस का जवाब दे दिया है जबकि एक अभिनेता की ओर से अब तक कोई जवाब नहीं मिला है. हालांकि उन्होंने उस अभिनेता का नाम सार्वजनिक नहीं किया.
नेस्ले इंडिया के बेबी फूड पर भी बढ़ी जांच
उधर FSSAI ने नेस्ले इंडिया के कुछ बेबी फूड उत्पादों को लेकर कार्रवाई की है. NAN Excella Pro Stage 1, Lactogen Pro और एक फॉलो-अप फॉर्मूला उत्पाद की जांच के दौरान कई सवाल सामने आए हैं. नियामक संस्था का कहना है कि कुछ ऑनलाइन विज्ञापनों में भ्रामक दावे पाए गए. साथ ही एक उत्पाद में जरूरी पोषक तत्वों की मात्रा को लेकर भी आपत्ति दर्ज की गई है.
इसी आधार पर कंपनी के खिलाफ तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए गए. हालांकि नेस्ले इंडिया ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उसके सभी उत्पाद नियमों के अनुरूप हैं. कंपनी का दावा है कि संबंधित उत्पादों को पहले नियामकीय मंजूरी मिल चुकी थी और नोटिस का जवाब भी दे दिया गया है.
यह भी पढ़ें- सैयद सोहेल का शो: सुरंग के अंदर कोई कितने दिनों तक जिंदा रह सकता है?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं