90s का दौर बॉलीवुड म्यूजिक के लिए बेहद खास था. उस समय फिल्मों के गाने सुनने के लिए आज की तरह मोबाइल और म्यूजिक ऐप नहीं होते थे. लोग गानों की कैसेट खरीदते थे और पसंदीदा गाने सुनने के लिए उन्हें बार-बार चलाया जाता था. इसी दौर में रिलीज हुई राकेश रोशन की फिल्म ‘करण अर्जुन' ने अपनी कहानी के साथ-साथ अपने संगीत से भी दर्शकों के बीच खास जगह बनाई. फिल्म 13 जनवरी 1995 को सिनेमाघरों में आई थी. इसके संगीत की जिम्मेदारी राजेश रोशन ने संभाली थी.
फिल्म के एल्बम में कुल सात ओरिजिनल ट्रैक थे. इनमें ‘ये बंधन तो प्यार का बंधन है', ‘जाती हूं मैं', ‘जय मां काली', ‘गुप चुप गुप चुप', ‘भांगड़ा पाले', ‘एक मुंडा' और ‘ये बंधन तो' का सैड वर्जन शामिल था. एल्बम की खास बात यह थी कि इसमें अलग-अलग मूड के गाने थे, इसलिए हर तरह के श्रोताओं के लिए कुछ न कुछ मौजूद था.
कुमार सानू, अलका और उदित की आवाज ने बांधा समां
‘ये बंधन तो प्यार का बंधन है' आज भी फिल्म के सबसे यादगार गानों में गिना जाता है. इसे कुमार सानू, अलका याग्निक और उदित नारायण ने आवाज दी थी. वहीं ‘जाती हूं मैं' में कुमार सानू और अलका याग्निक की जोड़ी सुनाई दी. ‘जय मां काली' में भी दोनों गायकों की आवाज ने गीत को अलग रंग दिया. इन गानों में 90s के म्यूजिक की वह खास मिठास सुनाई देती है, जिसमें मेलोडी, आसान बोल और याद रह जाने वाली धुनों पर काफी जोर था. यही वजह है कि फिल्म के गाने रिलीज के इतने साल बाद भी लोगों को उस दौर की याद दिलाते हैं.
एक ही एल्बम में रोमांस से लेकर भांगड़ा तक
‘करण अर्जुन' के म्यूजिक एल्बम की एक और खासियत इसकी डाइवर्सिटी थी. ‘एक मुंडा' को लता मंगेशकर ने गाया था, जबकि ‘गुप चुप गुप चुप' में अलका याग्निक और इला अरुण की आवाज सुनाई दी. ‘भांगड़ा पाले' में साधना सरगम, मोहम्मद अजीज और सुदेश भोसले ने अपनी आवाज दी. यानी एक ही फिल्म के एल्बम में रोमांटिक गाने, डांस नंबर, पारिवारिक गीत और भक्ति का रंग- सब देखने-सुनने को मिला. यही विविधता इसे 90s के यादगार फिल्मी एल्बमों में जगह दिलाती है.
बड़े सितारों से सजी थी फिल्म
‘करण अर्जुन' की सबसे बड़ी खासियत इसकी स्टार कास्ट भी थी. फिल्म में सलमान खान और शाहरुख खान ने भाइयों करण और अर्जुन का किरदार निभाया था. इनके अलावा राखी ने मां दुर्गा का रोल निभाया, जबकि काजोल, ममता कुलकर्णी और अमरीश पुरी भी अहम भूमिकाओं में नजर आए. राकेश रोशन के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी दो भाइयों और उनकी मां के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें पुनर्जन्म और बदले का ड्रामा देखने को मिलता है.
बॉक्स ऑफिस पर भी चला था जबरदस्त जादू
‘करण अर्जुन' 13 जनवरी 1995 को रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर इसे शानदार सफलता मिली. Box Office India के मुताबिक फिल्म का बजट करीब 6 करोड़ रुपये था, जबकि इसका इंडिया नेट कलेक्शन करीब 25.28 करोड़ रुपये रहा. इंडिया ग्रॉस करीब 42.06 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड ग्रॉस करीब 43.63 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं