महाराष्ट्र के पुणे शहर में इस समय मध्य प्रदेश के इंदौर में हुए चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड जैसा ही एक बेहद सनसनीखेज और मिलता-जुलता मामला हर तरफ चर्चा का विषय बना हुआ है. यहां केतन अग्रवाल नाम के युवक को उसकी अपनी ही मंगेतर सिया गोयल ने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर बेहद सुनियोजित तरीके से मौत के घाट उतार दिया.
इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस में मुख्य आरोपी चेतन चौधरी की गिरफ्तारी के ठीक बाद से उसका पूरा परिवार समाज के डर और लोक-लाज के मारे रातों-रात अपना घर छोड़कर किसी अज्ञात जगह पर चला गया है. आरोपी का यह परिवार पुणे के कोंढवा बुद्रुक इलाके में स्थित पॉश श्री पार्श्व नगर सोसाइटी में रहता था, जहां चेतन की गिरफ्तारी के बाद से ही उनके फ्लैट पर लगातार ताला लटका हुआ है.
लोहगढ़ किले से धक्का देकर केतन अग्रवाल की हत्या करने के आरोप में उसकी होने वाली पत्नी सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. पुलिस की तफ्तीश में जो सच सामने आया है, उसने हर किसी के होश उड़ा दिए हैं.
आइए जानते हैं सिया और चेतन द्वारा रची गई इस खौफनाक साजिश की पूरी कहानी
1. 6 महीने, 238 घंटे बात और 2000 फोन कॉल
सिया और चेतन के बीच गहरा प्रेम प्रसंग चल रहा था. पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि पिछले 6 महीनों में आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी के बीच 2004 बार फोन पर बात हुई थी. दोनों के बीच करीब 238 घंटे तक बातचीत का रिकॉर्ड मिला है, जिससे साफ है कि वे लगातार एक-दूसरे के संपर्क में थे और इस मर्डर की प्लानिंग कर रहे थे.
2. चिलचिलाती धूप में मंकी कैप और 'साइन लैंग्वेज'
इस ब्लाइंड मर्डर की पहेली सुलझाने में सीसीटीवी फुटेज ने अहम भूमिका निभाई. लोहगढ़ किले पर चिलचिलाती धूप में एक शख्स मंकी कैप, हुडी और मास्क पहनकर घूम रहा था, जिसने पुलिस का शक बढ़ाया. जब पुलिस ने फुटेज को ध्यान से देखा, तो वह संदिग्ध शख्स (चेतन) सिया के साथ इशारों-इशारों में 'साइन लैंग्वेज' (इशारों की भाषा) में बात करता नजर आया. इसी सुराग ने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया.
3. 14 जून को भी किया था हत्या का प्रयास
केतन को मारने की यह कोई पहली कोशिश नहीं थी. इससे पहले 14 जून को भी सिया ने केतन को लोहगढ़ किले से नीचे धकेलने की नाकाम कोशिश की थी. जब केतन बच गया और सिया का यह प्लान फेल हो गया, तो उसने तुरंत 'सांप-सांप' चिल्लाने का नाटक कर दिया. उसने बहाना बनाया कि सांप को देखकर वह डर गई थी और डर के मारे गलती से उसका धक्का केतन को लग गया था.
4. दिवाली पार्टी में हुई थी मुलाकात
पुणे पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि सिया और मुख्य आरोपी चेतन चौधरी की मुलाकात पिछले साल दिवाली की एक पार्टी के दौरान हुई थी, जहां दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए. सिया, केतन अग्रवाल से शादी नहीं करना चाहती थी. केतन से पीछा छुड़ाने और शादी तोड़ने के लिए उसने चेतन के साथ मिलकर केतन को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान तैयार किया.
5. बाली ट्रिप रोकने के लिए फाड़ा केतन का पासपोर्ट
चार जून को केतन और सिया का बाली (इंडोनेशिया) में प्री-वेडिंग फोटोशूट होने वाला था. सिया को केतन के साथ बाली नहीं जाना था. इसलिए मुंबई एयरपोर्ट जाते समय रास्ते में एक फूड मॉल पर गाड़ी रुकी, तो सिया ने चुपके से केतन के बैग से उसका पासपोर्ट चुरा लिया. उसने बाथरूम में जाकर पासपोर्ट के टुकड़े-टुकड़े किए और उसे टॉयलेट में फ्लश कर दिया. इसके बाद बाली जाने का प्लान रद्द हो गया और सिया ने केतन को लोहगढ़ चलने के लिए राजी कर लिया.
6. ससुर ने बुक किए थे 5-स्टार होटल के 70 रूम
केतन का परिवार इस शादी और सिया के जन्मदिन को लेकर बेहद उत्साहित था. 20 जून 2026 को सिया का जन्मदिन था. इस दिन को भव्य तरीके से मनाने के लिए केतन के पिता ने महाबलेश्वर के एक नामी फाइव-स्टार होटल में 70 कमरे बुक किए थे. पूरा परिवार जश्न की तैयारियों में डूबा था, लेकिन उससे पहले ही सिया और चेतन ने मिलकर इस भयावह हत्याकांड को अंजाम दे दिया.
7. कैफे में रची गई फाइनल साजिश
वारदात वाले दिन, घटना को अंजाम देने से ठीक पहले चेतन और सिया एक कैफे में मिले थे. इसी कैफे में बैठकर उन्होंने केतन की हत्या का फाइनल ब्लूप्रिंट तैयार किया. उन्होंने बाकायदा यह रेकी की थी और तय किया था कि लोहगढ़ किले पर ऐसा कौन सा 'पॉइंट' है, जहां सुरक्षा कम है और जहां से केतन को आसानी से गहरी खाई में धकेला जा सके.
ये भी पढ़ें-जिस 'हुडी' से चेहरा छिपा रहा था आरोपी, उसी से पकड़ा गया सिया का प्रेमी
ये भी पढ़ें- 2004 कॉल, 238 घंटे बातचीत.... केतन को धक्का देने वाली सिया और उसके बॉयफ्रेंड को लेकर खुले कई और राज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं