विज्ञापन
This Article is From Aug 14, 2024

"टायर सीने पर था, वो दर्द से चीखा...": वर्सोवा मुंबई हिट-एंड-रन केस के चश्‍मदीद की आंखों देखी

Mumbai Versova hit-and-run case: गणेश और उसका दोस्त बबलू श्रीवास्तव गर्मी के चलते वर्सोवा बीच पर सोने के लिए गए थे. इसी दौरान एक सफेद रंग की एसयूवी कार ने गणेश को कुचल दिया. गणेश के चीखने की आवाज सुन बबलू की नींद भी टूट गई.

"टायर सीने पर था, वो दर्द से चीखा...": वर्सोवा मुंबई हिट-एंड-रन केस के चश्‍मदीद की आंखों देखी
कुचलने से बाल-बाल बचे चश्मदीद ने बताया रात उसने क्या देखा
मुंबई:

"कार का पिछला टायर गणेश की छाती पर था... वो दर्द से कराह रहा था और पानी मांग रहा था. मैं पानी लेने गया और पीछे से कार वाले फरार हो गए..." मुंबई में हिट-एंड-रन का एक और मामला सामने आया है. वर्सोवा बीच पर सो रहे गणेश यादव को कार ने रौंद दिया, जिसमें उसकी मौत हो गई. इस हादसे में उसके साथ बीच पर सो रहा बबलू श्रीवास्‍तव घायल भी हुआ है. वह इस एक्‍सीडेंट का चश्‍मदीद गवाह है. बबलू ने बताया कि कार में सवार लोग एक्‍सीडेंट के बाद नीचे उतरे थे, लेकिन उन्‍होंने कोई मदद नहीं की और मौका मिलते ही फरार हो गए.  

पहली बार बीच पर आकर सोए थे... 

जब कार वर्सोवा बीच पर आई, तब गणेश और बबलू एक साथ सोए हुए थे. बबलू श्रीवास्‍तव भी इस एक्‍सीडेंट में घायल हुए. उन्‍होंने बताया, "मौसम काफी गर्म था, हमें घर में नींद नहीं आ रही थी. इसलिए हम वर्सोवा बीच पर आकर सो गए थे. हम कभी बीच पर आकर सोते नहीं हैं. यह पहली बार था, जब हम यहां आकर सोए. हम यहां रात करीब 12 बजे आकर सोए थे. जहां हम सोए थे, वहां कभी कोई गाड़ी नहीं आती है. इसलिए हमने कभी सोचा ही नहीं था कि हमारे साथ ऐसा कुछ हो सकता है."  

गणेश दर्द से चीख रहा था, वो पानी मांग रहा था

बबलू ने बताया, "हमने कार को आगे जाते हुए देखा. कुछ दूर जाने के बाद कार रुक गई. फिर उन्‍होंने गाड़ी को रिवर्स लिया. कार रिवर्स करने के समय ड्राइवर ने देखा ही नहीं कि कोई पीछे सोया भी हुआ है या नहीं. कार जब रिवर्स हुई, तो गणेश यादव की छाती पर चढ़ गई. फिर इस स्थिति में गाड़ी लगभग 15 से 20 सेकंड तक रुकी रही. इस दौरान गाड़ी का पिछला हिस्‍सा मेरे सिर पर लगा और मुझे चोट आई. इसकी वजह से मैं कुछ देर के लिए बेहोश हो गया. जब लगभग 2-3 मिनट के बाद मुझे होश आया, तो मैंने देखा कि कार में से एक शख्‍स उतरा, लेकिन उसने हमारी कोई मदद नहीं की. इसके बाद मैं उठा, तो गणेश पानी मांग रहा था, वो दर्द से चीख रहा था. इसके बाद मैं पानी लेने के लिए गया और पीछे से कार में सवार लोग वहां से फरार हो गए." 

गणेश की सांसें नहीं चल रही थीं...

गणेश यादव के बड़े भाई ने बताया, "मैं सुबह बीच पर टहलने के लिए आया था, तो एक दुकानदार ने मुझे बताया कि आपके भाई का एक्‍सीडेंट हो गया है. मैं यहां दौड़ कर आया, और गणेश को उठाने की कोशिश की, लेकिन उसकी सांसें नहीं चल रही थीं. इसके बावजूद मैं उसे नजदीक के अस्‍पताल लेकर गया, तो डॉक्‍टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मैं चाहता हूं कि आरोपियों को सख्‍त से सख्‍त सजा मिले, ताकि आगे कोई ऐसी घटना यहां न हो.     

पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार

वर्सोवा पुलिस ने कार सवार दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि चालक और उसके दोस्त को कुछ ही घंटों के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपियों की पहचान 34 वर्षीय निखिल जावले और 33 वर्षीय शुभम डोंगरे के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अंधेरी कोर्ट में पेश किया. जहां कोर्ट ने उन्हें पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Versova Hit And Run, Mumbai Accident Case, Versova Accident Eyewitness
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com