- मुंबई के विले पार्ले इलाके की बिल्डिंग के 11वें फ्लोर पर आग लगने से 2 लोगों की मौत हो गई
- आग लगने के बाद 12 मंजिला इमारत की 11वीं मंजिल पर कई लोग अंदर फंस गए थे
- इस घटना में 6 लोग घायल हुए हैं. मरने वालों में एक ढाई साल का बच्चा भी शामिल है
मुंबई के विले पार्ले इलाके की बिल्डिंग के 11वें फ्लोर पर आग लगने से 2 लोगों की मौत हो गई, वहीं 6 लोग घायल हुए हैं. हादसा मंगलवार रात हुआ. विले पार्ले वेस्ट में 12 मंजिला इमारत की 11वीं मंजिल पर आग लगने से कई लोग अंदर फंस गए थे. फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद उनको बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन दो लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में एक ढाई साल का एक बच्चा भी शामिल है.
आग लगने से इमारत में फंसा परिवार
आग की ये घटना बैपटिस्टा रोड पर सेंट जेवियर्स स्कूल के पास, चर्च रोड पर स्थित शांता भवन बिल्डिंग के फ्लैट नंबर 1101 और 1102 में हुई. जानकारी के मुताबिक, आग ने धीरे-धीरे बिजली की वायरिंग और इंस्टॉलेशन, एक AC यूनिट, घर का सामान जैसे सोफे, बिस्तर, फॉल्स सीलिंग और रसोई के बर्तन भी इसकी चपेट में आ गए. आग इतनी भीषण हो गई कि उसने देखते ही देखते लगभग 4,000 वर्ग फीट के इलाके को अपनी चपेट में ले लिया.
8 घायलों में बच्चे समेत 2 लोगों की मौत
इस हादसे में कुल आठ लोगों के घायल हुए थे. दो घायलों को कूपर अस्पताल ले जाया गया, जबकि छह लोगों को नानावटी अस्पताल में भर्ती कराया गया. कूपर अस्पताल से 30 साल के फायरमैन मनोज सोनावणे और 29 साल के शिवम द्विवेदी को इलाज के बाद छुट्टी मिल गई.
वहीं नानावटी अस्पताल में, 2.5 साल के अबीर और 23 साल की अंकिता को मृत घोषित कर दिया गया. बाकी चार घायलों पार्थ (32), हिरेन (64), यशस्वी (33) और अभिषेक की हालत अब स्थिर है. यशस्वी और अभिषेक को भी इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई. हालांकि आग लगने की वजह का अभी पता नहीं चल सका है. मामले की जांच जारी है.
मुंबई आग पर BMC का बयान
मुंबई में आग लगने की घटना पर BMC ने कहा कि घटना में आठ लोग घायल हुए थे, दो लोगों की मौत हो गई. दो अन्य लोगों का कूपर अस्पताल में इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि नानावटी अस्पताल में इलाज कराने वाले चार घायलों की हालत स्थिर है.
कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू
आग की सूचना लगभग 10:02 बजे मुंबई फायर ब्रिगेड को दी गई. शुरुआत में रात 10:08 बजे आग को 'लेवल-1' बताया गया था, लेकिन थोड़ी ही देर में यानी कि रात 10:16 बजे इसे 'लेवल-2' बताया गया. फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंची और पानी डालने का काम शुरू किया. रात लगभग 1 बजे आग पर पूरी तरह से काबू पाया जा सका.
ये भी पढे़ं-मॉनसून फिर एक्टिव, एक हफ्ते चलेगी बारिश, दिल्ली-यूपी से उत्तराखंड-राजस्थान तक 14 राज्यों में आईएमडी अलर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं