- मुंबई में 17 वर्षीय नाबालिग द्वारा तेज रफ्तार SUV से स्कूटर को टक्कर मारने से दंपत्ति गंभीर रूप से घायल हुए.
- घायल ध्रुमिल प्रेमजी पटेल वेंटिलेटर पर हैं और उनकी पत्नी मिनल पटेल की हालत भी नाजुक बनी हुई है.
- पुलिस ने नाबालिग, उसके पिता और SUV के मालिक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में मामला दर्ज किया है.
मुंबई के विद्याविहार इलाके में 5 फरवरी की देर रात एक भयावह सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार SUV चला रहे एक 17 वर्षीय नाबालिग ने स्कूटर को ज़ोरदार टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में घाटकोपर के रहने वाले दंपत्ति गंभीर रूप से घायल हो गए और दोनों की हालत नाज़ुक बनी हुई है.
कैसे हुआ हादसा?
घटना तांसा पाइपलाइन रोड पर सोमैया कॉलेज के पास हुई. जानकारी के अनुसार ध्रुमिल प्रेमजी पटेल (33) और उनकी पत्नी मिनल पटेल (32) स्कूटर से घर लौट रहे थे तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार SUV ने उन्हें टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों दूर जाकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए.
यह भी पढ़ें- ई-रिक्शा को टक्कर, बुलेट वाला 10 फीट ऊपर उछल गया; तंबाकू कारोबारी के बेटे ने कैसे मचाया सड़क पर उत्पात?
अस्पताल में भर्ती, पति की हालत बेहद गंभीर
हादसे के बाद दोनों को तुरंत राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया. यहां शुरुआती उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें घाटकोपर के एक निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया. डॉक्टरों के मुताबिक ध्रुमिल पटेल वेंटिलेटर पर हैं और उनकी हालत बेहद गंभीर है. पत्नी मिनल पटेल की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है.
17 वर्षीय नाबालिग चला रहा था SUV, पिता पर भी केस दर्ज
पुलिस जांच में सामने आया कि दुर्घटना का कारण बनी SUV को एक नाबालिग लड़का चला रहा था. पुलिस ने नाबालिग, उसके पिता और SUV मालिक सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बिना लाइसेंस नाबालिग को गाड़ी कैसे मिल गई और क्या माता‑पिता ने इसे रोकने की कोई कोशिश की थी या नहीं.
यह भी पढ़ें- कानपुर में नशे में धुत रईसजादे ने लेम्बोर्गिनी से 3 लोगों को रौंदा, बाउंसरों ने उल्टे लोगों को धमकाया
महंगी गाड़ियों के साथ स्टंट के वीडियो वायरल
हादसे के बाद सोशल मीडिया पर आरोपी नाबालिग और उसके दोस्तों के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें वे महंगी कारों के साथ स्टंट करते दिख रहे हैं. पुलिस इन वीडियो की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या पहले भी ऐसी लापरवाह ड्राइविंग होती रही? क्या यह स्टंट गैंग या नशे में ड्राइविंग का मामला है?
पुलिस ने की सख्त कार्रवाई की बात
मुंबई पुलिस का कहना है कि हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, 'कोई भी दोषी बच नहीं पाएगा, चाहे वह नाबालिग हो, उसका परिवार हो या वाहन मालिक.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं