- महाराष्ट्र की आठ प्रमुख महानगरपालिकाओं में महापौर और उपमहापौर पद के चुनाव प्रक्रिया पूरी हो चुकी है
- भाजपा ने छह महानगरपालिकाओं में महापौर पद पर जीत हासिल कर अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत की है
- नांदेड में पहली बार भाजपा का महापौर पद मिला जबकि धुले में भी भाजपा उम्मीदवार ने जीत दर्ज की है
महाराष्ट्र की शहरी राजनीति में आज बड़ा बदलाव देखने को मिला. राज्य की 8 प्रमुख महानगरपालिकाओं में महापौर और उपमहापौर पद के लिए चुनाव प्रक्रिया पूरी हो गई, जिसमें सत्ताधारी भाजपा ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 6 महानगरपालिकाओं में महापौर पद पर कब्ज़ा जमाया है. वहीं, एक महानगरपालिका में सत्ताधारी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) का महापौर चुना गया है, जबकि एक जगह महापौर चयन की प्रक्रिया अब भी जारी है.
सोलापुर, जलगांव और अहिल्यानगर में निर्विरोध चुनाव
सोलापुर: सोलापुर महानगरपालिका में भाजपा के विनायक कोंड्याल को निर्विरोध महापौर चुना गया. उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और AIMIM के उम्मीदवारों ने नाम वापस ले लिए, जिससे भाजपा का रास्ता साफ हो गया.
जलगांव: जलगांव महानगरपालिका में भाजपा की दीपमाला कालो को महापौर चुना गया, जबकि शिवसेना (शिंदे गुट) के मनोज चौधरी उपमहापौर बने. दीपमाला काले जलगांव महानगरपालिका की 17वीं महापौर बनी हैं.
अहिल्यानगर: अहिल्यानगर शहर के महापौर पद पर राष्ट्रवादी कांग्रेस की ज्योति गाडे, जबकि उपमहापौर पद पर भाजपा के धनंजय जाधव का चयन किया गया है. महापौर और उपमहापौर पद के लिए केवल एक-एक नामांकन दाखिल होने के कारण दोनों का चयन निर्विरोध हुआ.

नागपुर में भाजपा की बड़ी जीत
नागपुर महानगरपालिका में मुकाबला बेहद दिलचस्प रहा. भाजपा की नीता ठाकरे ने कांग्रेस उम्मीदवार स्नेहल ठाकरे को करारी शिकस्त दी.
नीता ठाकरे – 104 वोट
स्नेहल ठाकरे (कांग्रेस) – 36 वोट
तटस्थ वोट – 11
भारी मतों के अंतर से जीत दर्ज करते हुए नीता ठाकरे नागपुर की नई महापौर बनीं.
धुले और नांदेड में भाजपा का दबदबा
धुले: धुले महानगरपालिका में सत्ताधारी महायुति के भीतर ही मुकाबला देखने को मिला. भाजपा की मायादेवी परदेशी ने 50 वोट हासिल कर महापौर पद जीता, जबकि एनसीपी-शिवसेना गठबंधन के संयुक्त उम्मीदवार को केवल 13 वोट मिले.
नांदेड: नांदेड में पहली बार भाजपा का महापौर बना है. 81 में से 45 सीटें जीतकर भाजपा ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया.
महापौर – कविता मुळे
उपमहापौर – दीपकसिंह रावत
छत्रपति संभाजीनगर
छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका में:
समीर राजूरकर – महापौर
राजेंद्र जंजाल – उपमहापौर
इन नामों की औपचारिक घोषणा होना बाकी है, लेकिन राजनीतिक सहमति बन चुकी है.
पिंपरी-चिंचवड: पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका में भाजपा की शर्मिला बाबर का नाम महापौर पद के लिए तय माना जा रहा है. यहां महापौर चयन की प्रक्रिया फिलहाल जारी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं