- सरकारी कर्मचारियों के लिए महाराष्ट्र ने कुछ जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए
- कर्मचारियों के लिए मास्क पहनना अनिवार्य होगा
- कर्मचारियों को सोशल डिस्टेंसिंग (Social Distancing) का पालन करना होगा
कोरोनावायरस (Coronavirus) संकट में काम कर रहे सरकारी कर्मचारियों के लिए महाराष्ट्र सरकार ने कुछ जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं. महाराष्ट्र में सरकारी कर्मचारियों की आफिस में हर रोज थर्मल जांच (Thermal Screening) की जाएगी. साथ ही दरवाज़े और खिड़की खुले रखे जाएंगे. कामकाज के दौरान कर्मचारियों के लिए मास्क पहनना अनिवार्य होगा. बता दें कि महाराष्ट्र देश में कोरोनावायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है. यहां संक्रमितों का कुल आंकड़ा 65,000 के पार जा चुका है.
महाराष्ट्र में अधिकांश सरकारी दफ्तर बहुत कम स्टाफ के साथ काम कर रहे हैं. राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए महाराष्ट्र सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन के मुताबिक, सफाई कर्मचारियों को मास्क के साथ ग्लव्स भी पहनना होगा. कर्मचारियों को सोशल डिस्टेंसिंग (Social Distancing) का पालन करना होगा. कार्यालय के प्रवेशद्वार पर सैनिटाइजर रखना अनिवार्य होगा. E-office का ज़्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करना होगा और ईमेल के ज़रिए फ़ाइल पहुंचाने की बात की गई है
महाराष्ट्र कोरोनावायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है. यहां कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 65,168 पर पहुंच गया है. अब तक राज्य में इस वायरस से 2,197 लोगों की मौत हो चुकी है.
वहीं, लॉकडाउन (Lockdown) में ढील के बीच भारत में कोरोनावायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. स्वास्थ्य मंत्रालय (Health Ministry) की ओर से रविवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, भारत में कोरोनावायरस मरीज़ों की कुल संख्या बढ़कर 1,82,143 हो गई है और जबकि इस वायरस से अब तक 5,164 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं, पिछले 24 घंटों में कोरोना के 8,380 नए मामले सामने आए हैं और 193 लोगों की जान गई है. पिछले 24 घंटो में अब तक सबसे ज़्यादा मामले सामने आए हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं