- महाराष्ट्र माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने परीक्षा के दौरान सामूहिक नकल के मामलों में 103 शिक्षकों को निलंबित किया है
- बोर्ड ने नकल को बढ़ावा देने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू
- सीसीटीवी फुटेज के आधार पर राज्य के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर नकल की पुष्टि कर दोषियों की पहचान की गई है
महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड MSBSHSE ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में होने वाली धांधली के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और कठोर कार्रवाई की है. बोर्ड ने परीक्षाओं के दौरान सामने आए सामूहिक नकल के मामलों को गंभीरता से लेते हुए कुल 103 शिक्षकों को निलंबित कर दिया है. बोर्ड की तरफ से ये गाज उन शिक्षकों और कर्मचारियों पर गिरी है जिन्होंने परीक्षा की गोपनीयता भंग की या प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से नकल को बढ़ावा दिया. बोर्ड का कहना है कि परीक्षा केंद्रों पर पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह कड़ा कदम उठाना जरूरी था.
ये भी पढ़ें : घोर लापरवाही! महाराष्ट्र में ICU में भर्ती बुजर्ग महिला के शरीर को चूहों ने कुतरा, डॉक्टर-नर्स भी नहीं जान पाए
सीसीटीवी जांच के बाद शिक्षकों पर गिरी गाज
सिर्फ निलंबन ही नहीं, बल्कि जिन शिक्षकों और कर्मचारियों ने नियमों का उल्लंघन कर नकल में मदद की, उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की प्रक्रिया भी बोर्ड द्वारा शुरू कर दी गई है. इस पूरी कार्रवाई में सीसीटीवी फुटेज की अहम भूमिका रही है. राज्य के विभिन्न केंद्रों पर लगे कैमरों की जांच के बाद सामूहिक नकल की पुष्टि हुई थी. इसी आधार पर दोषी शिक्षकों की पहचान की गई और उन पर कार्रवाई की गई. खबर के अनुसार, वाशिम जिले में विशेष रूप से सख्ती देखी गई, जहां पहले 22 और बाद में कुल 51 कर्मियों पर कार्रवाई की बात सामने आई थी.
ये भी पढ़ें : पुणे के वैज्ञानिकों ने खोजा LPG का सस्ता और स्वदेशी विकल्प DME गैस
सख्त निगरानी और चेतावनी
छत्रपति संभाजीनगर संभाग में भी नकल रोकने में नाकाम रहे कई पर्यवेक्षकों यानी सुपरवाइजर्स को निलंबित किया गया है. शिक्षा विभाग और बोर्ड ने स्पष्ट कर दिया है कि कॉपी-मुक्त अभियान के तहत किसी भी तरह की लापरवाही या मिलीभगत बर्दाश्त नहीं की जाएगी. आने वाली परीक्षाओं के लिए भी बोर्ड ने सख्त निगरानी और लाइव वेबकास्टिंग जैसी सुविधाओं का उपयोग शुरू किया है. राज्य बोर्ड का यह कदम छात्रों के भविष्य और शिक्षा पद्धति की गरिमा को बनाए रखने के लिए उठाया गया एक अहम निर्णय माना जा रहा है. बोर्ड अध्यक्ष ने संकेत दिए हैं कि जांच अभी भी जारी है और दोषी पाए जाने वाले अन्य लोगों पर भी गाज गिर सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं