केतन हत्याकांड मामले में पुणे पुलिस की जांच में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं.अब पता चला है कि केतन की हत्या के आरोप में गिरफ्तार उनकी मंगेतर सिया गोयल और उसके बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए बेहद सोची-समझी और शातिर साजिश रची थी. पुलिस की पूछताछ और जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने पुलिस ट्रैकिंग और सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए कार के बजाय स्कूटर का इस्तेमाल किया था और हत्या के लिए बकायदा एक सीक्रेट कोड वर्ड तय किया था.
टोल रिकॉर्ड से बचने के लिए स्कूटर का इस्तेमाल
पुलिस जांच में यह बात साफ हुई है कि आरोपी चेतन चौधरी को इस बात का अच्छे से अंदाजा था कि अगर वह कार से जाएगा, तो टोल प्लाजा के इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड, फास्टैग ट्रैकिंग और सीसीटीवी कैमरों में उसकी लोकेशन दर्ज हो जाएगी. इसी डिजिटल फुटप्रिंट से बचने के लिए उसने कार के बजाय स्कूटर से पुणे से लोनावला के लोहगढ़ किले तक का सफर तय किया. वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस को चकमा देने के लिए वह उसी स्कूटर से वापस पुणे लौट आया. पुलिस ने अब हत्या की साजिश में इस्तेमाल किए गए इस स्कूटर को भी जब्त कर लिया है.
हुडी बदलकर पहचान छिपाने की कोशिश
पुलिस जांच के मुताबिक, चेतन ने लोहगढ़ किले पर चढ़ते समय अपनी पहचान छिपाने और वहां मौजूद अन्य पर्यटकों का ध्यान भटकाने के लिए एक हुडी (जैकेट) पहन रखी थी.
हत्या की जगह तय करने के लिए की थी रिहर्सल
पूछताछ में यह बेहद चौंकाने वाला सच भी सामने आया है कि सिया और चेतन ने इस हत्या को अचानक अंजाम नहीं दिया था. दोनों आरोपियों ने केतन की हत्या के लिए सही और सुरक्षित जगह चुनने के मकसद से पहले भी लोहगढ़ किले का दौरा किया था. दोनों ने वहां बकायदा इस पूरी वारदात का रिहर्सल (पूर्वाभ्यास) भी किया था ताकि केतन को गहरी खाई में धकेलते समय कोई चूक न हो और इसे महज एक हादसा दिखाया जा सके.
ये भी पढ़ें: 34 मिनट पहले फोन, फिर 400 फीट नीचे धक्का, कैसे अपनी ही शातिर चाल में फंस गए सिया-चेतन
'बैठना' था मौत का सीक्रेट कोड वर्ड
वारदात के वक्त केतन को गहरी खाई में धकेलने के लिए सिया और चेतन के बीच 'बैठना' एक सीक्रेट कोड वर्ड तय हुआ था. यह कोड वर्ड चेतन के लिए हमला करने का फाइनल सिग्नल था. तय प्लानिंग के तहत सिया को केतन के सामने या तो पानी पीने के लिए या फिर अपने जूते के फीते बांधने के बहाने नीचे बैठना था. सिया के नीचे बैठने के इस इशारे के पीछे एक सोची-समझी वजह यह भी थी कि जब चेतन पीछे से धक्का दे, तो गिरते समय केतन खुद को बचाने के लिए सिया को न पकड़ सके और सिया की जान पूरी तरह सुरक्षित रहे.
डमी की मदद से क्राइम सीन रीक्रिएट
इस पूरे घटनाक्रम और साजिश की कड़ियों को आपस में जोड़ने के लिए पुलिस ने रविवार को आरोपी सिया गोयल को साथ लेकर लोहगढ़ किले का दौरा किया. पुलिस टीम ने किले के उसी पॉइंट पर जाकर एक डमी की मदद से पूरे क्राइम सीन को दोबारा रीक्रिएट किया ताकि यह पूरी तरह सत्यापित किया जा सके कि आरोपियों ने किस एंगल से और कैसे केतन को खाई में धकेला था. पुलिस अब इस मामले में अन्य वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्य जुटाने में लगी है.
ये भी पढ़ें: केतन अग्रवाल हत्याकांड: सगाई से पहले प्रेमी संग उदयपुर गई थी सिया, फिर रची खौफनाक साजिश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं