विज्ञापन

केतन अग्रवाल हत्याकांड: सगाई से पहले प्रेमी संग उदयपुर गई थी सिया, फिर रची खौफनाक साजिश

केतन अग्रवाल हत्याकांड में जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है. आरोपी सिया गोयल अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ सगाई से पहले उदयपुर घूमने गई थी और कई दिनों तक साथ रही. पुलिस अब दोनों के रिश्ते, ट्रैवल हिस्ट्री और साजिश की पूरी टाइमलाइन की जांच कर रही है.

केतन अग्रवाल हत्याकांड: सगाई से पहले प्रेमी संग उदयपुर गई थी सिया,  फिर रची खौफनाक साजिश

केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे इस केस की परतें खुलती जा रही हैं. अब पुलिस जांच में एक ऐसा खुलासा हुआ है, जिसने पूरे मामले को और ज्यादा सनसनीखेज बना दिया है. सामने आया है कि सगाई से ठीक पहले ही आरोपी सिया अपने प्रेमी चेतन के साथ उदयपुर घूमने गई थी, जहां दोनों ने दोस्तों के साथ कई दिन बिताए.  

सगाई से पहले उदयपुर ट्रिप का खुलासा

पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि फरवरी में केतन अग्रवाल से सगाई होने से ठीक पहले सिया गोयल अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ उदयपुर गई थी. दोनों अपने कुछ दोस्तों के साथ वहां घूमने पहुंचे थे और करीब पांच दिनों तक साथ रहे. इस ट्रैवल हिस्ट्री ने पुलिस की जांच को एक नई दिशा दे दी है.

जनवरी में भी साथ गए थे राजस्थान

जांच के दौरान यह भी पता चला है कि सिर्फ एक बार नहीं, बल्कि जनवरी महीने में भी सिया और चेतन साथ में राजस्थान गए थे. वहां उन्होंने ग्रुप ट्रिप के दौरान अच्छा खासा समय बिताया. पुलिस का मानना है कि इसी दौरान दोनों का रिश्ता और गहरा हुआ और साजिश की नींव पड़ी.

रिश्ते को लेकर पुलिस की बड़ी पड़ताल

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों के रिश्ते की पूरी टाइमलाइन खंगाल रही है. उनके ट्रैवल रिकॉर्ड, कॉल डिटेल्स और बाकी तकनीकी सबूतों की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि यह समझा जा सके कि हत्या की साजिश कब और कैसे तैयार की गई.

सिया शादी नहीं करना चाहती थी

पुलिस सूत्रों की मानें तो पूछताछ में सिया गोयल ने कथित तौर पर यह स्वीकार किया है कि वह केतन अग्रवाल से शादी नहीं करना चाहती थी. वह इस रिश्ते से बाहर निकलना चाहती थी, लेकिन परिवार और समाज के दबाव के कारण ऐसा नहीं कर पा रही थी. जांच में यह भी सामने आया है कि सिया का मानना था कि अगर केतन की मौत हो जाती है, तो वह कम से कम तीन साल तक दूसरी शादी के लिए दबाव से बच सकती थी. इसी सोच ने इस खौफनाक साजिश को जन्म दिया.

बदनामी के डर से रची साजिश

पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि सिया और चेतन दोनों को इस बात का डर था कि अगर उन्होंने खुद शादी तोड़ी, तो समाज और परिवार में उनकी काफी बदनामी होगी. इस बदनामी से बचने के लिए दोनों ने मिलकर केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रच दी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर छोटी-बड़ी कड़ी जोड़ने में लगी है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ketan Agarwal Murder Case, Sia Goyal Case Update, Udaipur Murder Case, Love Affair Murder Case, Girlfriend Murder
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com