पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. तकनीकी जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने केतन की हत्या के अलग-अलग तरीकों को खोजने के लिए गूगल का सहारा लिया था. यही नहीं, आरोपियों ने 14 जून को भी केतन की हत्या करने की पहली कोशिश की थी, जो नाकाम रही थी.
सिया और चेतन गूगल पर ढूंढते थे हत्या के तरीके
केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच कर रही पुणे ग्रामीण पुलिस के हाथ बेहद चौंकाने वाले तथ्य लगे हैं. आरोपियों की गूगल सर्च हिस्ट्री से पता चला है कि उन्होंने हत्या किन-किन तरीकों से की जा सकती है, इससे जुड़े कई वीडियो देखे थे. साथ ही पुलिस के अनुसार, आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी ने वारदात को अंजाम देने से पहले लोहगढ़ किले पर जाकर बकायदा हत्या की रिहर्सल की थी.

सिया गोयल ने पुलिस को कथित तौर पर बताया कि वह अग्रवाल से शादी नहीं करना चाहती थी और उसे लगा कि शादी तोड़ने से परिवार की बदनामी होगी, इसलिए उसने चौधरी के साथ मिलकर अग्रवाल की हत्या की साजिश रची.
डिजिटल सबूत मिटाने की कोशिश
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने अपनी चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को भी पूरी तरह नष्ट करने का प्रयास किया. फिलहाल पुणे ग्रामीण पुलिस डिजिटल और तकनीकी सबूतों को आधार बनाकर मामले की आगे की तफ्तीश में जुटी है.

केतन अग्रवाल हत्याकांड में सीन रिक्रिएशन
आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी को लेकर पुलिस अधिकारी लोहगढ़ किले पर पहुंचे. पुलिस जानना चाह रही थी कि कैसे इन दोनों ने केतन अग्रवाल को पहाड़ी से नीचे धकेला? कैसे सिया ने चेतन चौधरी को हिंट दिया कि जब मैं बैठ जाऊंगी तो केतन को धक्का मारना. कैसे चेतन हुडी पहनकर बिना टिकट लिए लोहगढ़ किले पर पहुंचा? और लगातार सिया और केतन को फॉलो कर रहा था. इस क्राइम सीन रीक्रिएशन की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई.

इसे भी पढ़ें: 'केतन की हत्या के दिन जो लोग किले पर थे वो जांच में पुलिस को मदद करें...', पिता विशाल अग्रवाल की भावुक अपील
सभी पहलुओं से जांच कर रही है पुलिस
पुणे देहात पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने एक पुतला तैयार किया और सिया गोयल से यह दिखाने को कहा कि उसने केतन को उस स्थान से कैसे धक्का दिया था. गोयल ने अपराध स्थल तक पहुंचने के लिए उनके द्वारा इस्तेमाल किया गया रास्ता भी बताया. उन्होंने कहा कि जांचकर्ता अपराध की साजिश, घटना से पहले और बाद में आरोपियों की गतिविधियां, उनके डिजिटल रिकॉर्ड और हत्या के मकसद समेत मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रहे हैं.
सीन रिक्रिएशन के चलते लोहगढ़ किले को आम लोगों के लिए बंद रखा गया. पुलिस ने सुरक्षा कारणों से किसी भी पर्यटक या अन्य व्यक्ति के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगा दी. आरोप है कि 20 वर्षीय सिया गोयल और उसके ‘प्रेमी' चेतन चौधरी (22) ने 25 साल के केतन अग्रवाल को किले से धक्का देकर उसकी हत्या कर दी थी.
इसे भी पढ़ें: फिर से लोहागढ़ किले पहुंचे सिया और चेतन, इस बार पुलिस के साथ; हुआ एक और बड़ा खुलासा
इसे भी पढ़ें: केतन की हत्या में चेतन का नाम कैसे आया, सिया की एक गलती ने ही पीड़ित परिवार को किया अलर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं