विज्ञापन

सिंगापुर टेक समिट: महाराष्ट्र सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने लिया हिस्सा, AI और स्टार्टअप नीति पर हुई चर्चा

सिंगापुर के बड़े मंच पर दिखा महाराष्ट्र का दम. जानिए कैसे मुख्यमंत्री के खास विजन से राज्य बनेगा ग्लोबल एआई और स्टार्टअप्स का नया सुपरपावर.

सिंगापुर टेक समिट: महाराष्ट्र सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने लिया हिस्सा, AI और स्टार्टअप नीति पर हुई चर्चा

महाराष्ट्र अब सिर्फ भारत का आर्थिक गढ़ ही नहीं, बल्कि ग्लोबल टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का नया हब बनने की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहा है. इसका ताजा उदाहरण सिंगापुर में देखने को मिला, जहां आयोजित 'टेक इन एशिया कॉन्फ्रेंस' में महाराष्ट्र सरकार के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने हिस्सा लिया. इस समिट में क्षेत्र के 1,500 से अधिक दिग्गज एंटरप्राइज लीडर्स, एआई डेवलपर्स, निवेशकों और इनोवेटर्स का जमावड़ा लगा था.

इस साल की कॉन्फ्रेंस की थीम 'लीड द एंटरप्राइज एआई एरा' यानी उद्यमों में एआई के दौर का नेतृत्व करने पर आधारित थी. इसका मुख्य मकसद सिर्फ नई तकनीकों पर चर्चा करना नहीं, बल्कि उन्हें जमीनी स्तर पर बड़े पैमाने पर लागू करना था.

ग्लोबल मंच पर महाराष्ट्र की मजबूत दावेदारी

सिंगापुर के सबसे बड़े मीडिया नेटवर्क 'एसपीएच मीडिया' के भारतीय सहयोगी अश्रायु मीडिया के  विशेष आमंत्रण पर इस समिट में महाराष्ट्र सरकार के आईटी सचिव वीरेंद्र सिंह (IAS) और महाराष्ट्र स्टेट इनोवेशन सोसाइटी (MSInS) के सीईओ डॉ. श्रीकांत पाटिल शामिल हुए.

चर्चा के दौरान वीरेंद्र सिंह ने साफ किया कि महाराष्ट्र के विकास एजेंडे में एआई और नई तकनीकों की भूमिका सबसे अहम रहने वाली है. उन्होंने राज्य में तकनीक के क्षेत्र में पैदा हो रहे नए मौकों और निवेशकों के लिए तैयार किए जा रहे बेहतरीन माहौल पर जोर दिया. इसके साथ ही, उन्होंने राज्य में मजबूत आईटी इकोसिस्टम बनाने और तकनीक-आधारित विकास को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के विजन और लगातार मिल रहे सरकारी सहयोग की भी सराहना की.

स्टार्टअप्स को पंख देने की तैयारी

वहीं, डॉ. श्रीकांत पाटिल ने बताया कि महाराष्ट्र सरकार नई नीतियों, रियायतों और बेहतरीन माहौल के जरिए स्टार्टअप्स को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि सरकार और उद्योगों के बीच का मजबूत तालमेल ही स्टार्टअप्स को आगे बढ़ाने और देश-दुनिया में नाम कमाने में मददगार साबित होगा.

इस पूरे दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए ‘अश्रायु मीडिया' के चेयरमैन सुधाकर अडापा ने कहा कि इस समिट में महाराष्ट्र के अधिकारियों की मौजूदगी ने वैश्विक मंच पर राज्य की तकनीकी ताकत को बखूबी पेश किया है. 'टेक इन एशिया' (Tech in Asia) जैसे प्लेटफ़ॉर्म राज्य के विज़न को दुनिया के सामने रखने और सरकार, इंडस्ट्री, स्टार्टअप्स और निवेशकों के बीच सार्थक संबंध बनाने का मौका देते हैं। हम TIA में प्रतिनिधिमंडल भेजने के लिए माननीय मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हैं और हमें खुशी है कि हम इस महत्वपूर्ण संबंध को जोड़ने में मददगार साबित हुए।
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com