विज्ञापन
This Article is From Aug 30, 2017

मुंबई में 2 लाख लोगों को आज करना होगा खाने का जुगाड़, नहीं आ पाएंगे 'डिब्बावाले'

उपनगरीय रेल सेवाएं बाधित होने के कारण यह कदम उठाया गया है. बारिश में फंसे रहने के कारण कल काम पर निकले डब्बावाले आज सुबह अपने घर लौट पाए हैं.

मुंबई में 2 लाख लोगों को आज करना होगा खाने का जुगाड़, नहीं आ पाएंगे 'डिब्बावाले'
फाइल फोटो
नई दिल्ली:

मुंबई के मशहूर ‘डिब्बावाला’ ने आज ऑफिस आने-जाने वालों को पहुंचाए जाने वाले दो लाख टिफिनों की डिलिवरी रद्द कर दी है. उपनगरीय रेल सेवाएं बाधित होने के कारण यह कदम उठाया गया है. बारिश में फंसे रहने के कारण कल काम पर निकले डब्बावाले आज सुबह अपने घर लौट पाए हैं. मुंबई डब्बावाला संघ के प्रवक्ता सुभाष तालेकर ने बताया, 'दो लाख डब्बों (टिफिन) की डिलिवरी करने वाले 5000 से ऊपर ‘डब्बावाले’ आज ऐसा नहीं कर पाएंगे क्योंकि वे रेलवे स्टेशन पर फंसे रहने के कारण आज सुबह ही घर लौटे हैं.' उन्होंने कहा, 'हम अपनी सेवाएं कल से फिर शुरू करेंगे.' टिफिन की डिलिवरी करने वाले यह लोग उपनगरीय रेलों के जरिए लोगों को टिफिन पहुंचाते हैं ताकि वह समय से उन्हें खाना उपलब्ध करा सकें.

पढ़ें :  मुंबई के डब्बेवाले हुए डिजिटल, लॉन्च की वेबसाइट

तालेकर ने बताया कि 70 स्टेशनों को जोड़ने वाली तीन रेलवे लाइन- मध्य, पश्चिम और हार्बर लाइन के जरिए लंच बॉक्स, उत्तरी उपनगर के सबसे दूरस्थ हिस्से से शहर के दक्षिणी कोने में स्थित व्यापार क्षेत्रों तक अधिकतम दो घंटे में पहुंचाए जाते हैं. टिफिन पहुंचाने वाले ज्यादातर लोग पुणे के आस-पास के गांवों से आते हैं और मराठा समुदाय से संबंध रखते हैं.

वीडियो : भाारी बारिश से बेहाल मुंबई

नौ अगस्त को ‘डब्बावालों’ ने एक दिन की छुट्टी लेकर मराठा आरक्षण रैली में हिस्सा लिया था और उन्होंने नौकरी एवं शिक्षा में मराठा समुदाय के आरक्षण की मांग को अपना समर्थन दिया था. डिब्बवाला मुंबई की गर्मी और भारी बारिश के बावजूद समय पर डिलिवरी’ पहुंचाने के कारण जाने जाते हैं.

इनपुट : भाषा

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com