नीट परीक्षा में पेपर लीक के मुद्दे को लेकर देशभर में चल रहे CJP के आंदोलन पर महाराष्ट्र सरकार के मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने तीखा हमला बोला है. मंगलवार को नागपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि यह आंदोलन सरकार को बदनाम करने और युवाओं में नाराजगी पैदा करने की सोची-समझी कोशिश है. उन्होंने दावा किया कि कुछ राजनीतिक और वैचारिक समूह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की छवि को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से इस तरह के अभियान चला रहे हैं.
आंदोलन को बताया 'नौटंकी'
बावनकुले ने आंदोलन पर निशाना साधते हुए कहा, "यह कॉकरोच (CJP) आंदोलन एक नौटंकी है. जब इन्हें कोई वास्तविक मुद्दा नहीं मिल रहा है तो ये युवाओं के मन में नाराजगी पैदा करने की साजिश कर रहे हैं. कुछ युवा अपनी वास्तविक परेशानियों के कारण इस आंदोलन से जुड़े हैं क्योंकि नीट रद्द हुई थी और वे नाराज हैं, लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की."
धर्मेंद्र प्रधान का किया बचाव
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, "क्या हमारे किसी मंत्री ने पेपर लीक किया था? क्या चंद्रशेखर बावनकुले या धर्मेंद्र प्रधान ने कोई पेपर लीक किया था?"
उन्होंने यह भी मांग की कि दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान कथित पथराव की घटनाओं की जांच कराई जानी चाहिए. उनका कहना था कि केवल इस्तीफे की मांग करने के बजाय शिक्षा व्यवस्था में सुधार के सुझाव दिए जाने चाहिए.
दिल्ली से महाराष्ट्र तक दिखा आंदोलन का असर
सोमवार को संसद के मानसून सत्र के पहले दिन हजारों प्रदर्शनकारी संसद की ओर मार्च कर रहे थे. इस दौरान दिल्ली पुलिस और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया. बैरिकेड्स पार करने की कोशिश कर रहे कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया गया.
आंदोलन का असर महाराष्ट्र के कई शहरों में भी देखने को मिला. मुंबई में चैत्यभूमि पर एकजुटता जताने पहुंचे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया. वहीं नागपुर के संविधान चौक पर छात्रों और वरिष्ठ नागरिकों ने प्रदर्शन कर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया. पुणे में FTII छात्र संघ ने भी शिक्षा क्षेत्र में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के मुद्दे पर CJP तथा सोनम वांगचुक के आंदोलन को समर्थन देने का ऐलान किया है.
यह भी पढ़ें- CJP प्रदर्शन लाठीचार्ज मामला पहुंचा हाई कोर्ट, दिल्ली HC बोला-'हमें इसमें मत घसीटिए'
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं