विज्ञापन

ट्रांसफॉर्मर लगाते समय दौड़ा करंट; खंभे से गिरकर मजदूर की मौत, इंजीनियर, लाइनमैन और ठेकेदार समेत 4 पर FIR

महाराष्ट्र के बीड जिले के माजलगांव में ट्रांसफॉर्मर लगाने के दौरान एक मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई. शटडाउन होने की जानकारी के बीच अचानक बिजली सप्लाई शुरू हो गई. मामले में बिजली विभाग के असिस्टेंट इंजीनियर, लाइनमैन, ठेकेदार और सुपरवाइजर के खिलाफ FIR दर्ज की गई है.

बीड में ट्रांसफॉर्मर लगाने के दौरान करंट से मजदूर की मौत, 4 लोगों पर FIR

महाराष्ट्र के बीड जिले के माजलगांव शहर में बिजली विभाग की कथित लापरवाही ने एक मजदूर की जान ले ली. बाईपास रोड पर ट्रांसफॉर्मर लगाने का काम चल रहा था, जहां मजदूर पूरी तरह इस भरोसे के साथ खंभे पर चढ़े थे कि संबंधित लाइन का शटडाउन लिया जा चुका है. लेकिन काम के दौरान अचानक बिजली सप्लाई शुरू हो गई और खंभे पर काम कर रहे 32 वर्षीय मजदूर शेख आवेज पाशा देशमुख को जोरदार करंट लग गया. करंट लगते ही वह खंभे से नीचे गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसने पूरे मामले को गंभीर बना दिया है. पुलिस ने बिजली विभाग और ठेकेदार से जुड़े चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

ट्रांसफॉर्मर लगाने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार माजलगांव शहर के बाईपास रोड पर डबल पोल डीपी ट्रांसफॉर्मर लगाने का काम किया जा रहा था. इस कार्य का ठेका धैर्यशील भागवत ठोंबरे को मिला था. मौके पर चार मजदूर ट्रांसफॉर्मर स्थापना के काम में जुटे हुए थे. मजदूरों को बताया गया था कि इस कार्य के लिए बिजली विभाग से शाम 4 बजे तक का शटडाउन परमिट लिया गया है. इसी भरोसे पर सभी मजदूर बिजली के खंभों पर चढ़कर काम कर रहे थे.

अचानक चालू हो गई बिजली

प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक दोपहर करीब एक बजे अचानक लाइन में बिजली दौड़ गई. उस समय शेख आवेज पाशा देशमुख खंभे पर चढ़कर काम कर रहे थे. अचानक आए हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से उन्हें जोरदार झटका लगा और वह खंभे से नीचे गिर पड़े. हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई. वहीं उनके साथ काम कर रहा एक अन्य मजदूर बाल-बाल बच गया.

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. वीडियो में देखा जा सकता है कि मजदूर ट्रांसफॉर्मर लगाने के काम में लगे हुए हैं और कुछ ही सेकंड के भीतर हादसा हो जाता है. फुटेज के सामने आने के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा उपायों पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं.

चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

मामले की गंभीरता को देखते हुए माजलगांव शहर पुलिस ने बिजली विभाग के सहायक अभियंता (असिस्टेंट इंजीनियर), संबंधित लाइनमैन, ठेकेदार धैर्यशील भागवत ठोंबरे और सुपरवाइजर दयानंद नामदेव कांबले के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. पुलिस यह जांच कर रही है कि शटडाउन के बावजूद लाइन में बिजली कैसे आई और सुरक्षा मानकों में कहां चूक हुई.

यह भी पढ़ें : बुलंदशहर में बिजली के करंट से झुलसे चार मासूम, 'स्मार्ट मीटर की वजह से हुआ हादसा'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Beed Accident, Electric Shock Death, Transformer Incident, Worker Death, Cctv Accident Video
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com