विज्ञापन

मुंबई एयरपोर्ट पर हड़ताल से रुकी रही एयर इंडिया फ्लाइट, अंदर बैठे रहे यात्री

हैदराबाद से मुंबई आई एयर इंडिया की फ्लाइट के लैंड होने के बाद, कर्मचारी काम छोड़कर चले गए जिससे यात्री कुछ समय के लिए बाहर नहीं निकल पाये. विमान के भीतर बैठे यात्री पिछले 30 मिनट से अधिक समय से अपनी सीटों पर ही फंसे हुए रहे और बाहर निकलने का इंतजार करते दिखे.

मुंबई एयरपोर्ट पर हड़ताल से रुकी रही एयर इंडिया फ्लाइट, अंदर बैठे रहे यात्री
  • मुंबई एयरपोर्ट पर थर्ड-पार्टी ग्राउंड स्टाफ की हड़ताल के कारण उड़ानों का शेड्यूल प्रभावित हुआ है
  • हड़ताल करने वाले कर्मचारी विमान रख-रखाव, तकनीकी जांच, सामान लोडिंग और जमीनी सुविधाओं का काम करते हैं
  • कर्मचारियों की मांग है कि रुकी हुई सैलरी वृद्धि और लंबित प्रमोशन को लेकर मैनेजमेंट गंभीर नहीं है

मुंबई एयरपोर्ट पर उड़ाने प्रभावित होने की खबर आ रही है. दरअसल रनवे पर फ्लाइट्स ग्राउंडेड होने के कारण यात्री पिछले कुछ समय से विमान के अंदर ही बैठने को मजबूर हुए. अचानक हुई हड़ताल से मुंबई एयरपोर्ट पर उड़ानों का शेड्यूल प्रभावित हुआ है और यात्रियों की परेशानी हुई. विमानों के भीतर बंद यात्रियों और एयरपोर्ट पर फंसे लोगों को अभी भी मैनेजमेंट और कर्मचारियों के बीच सुलह होने का इंतजार है.

यह हड़ताल एयर इंडिया के थर्ड पार्टी ग्राउंड स्टाफ और टेक्निकल स्टाफ द्वारा की गई है. हड़ताल करने वाले लोग एयरलाइन के लिए मुंबई एयरपोर्ट पर काम करने वाले थर्ड-पार्टी ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसी के कर्मचारी हैं. ये वो कर्मचारी हैं जो एयरपोर्ट पर विमानों के रख-रखाव, तकनीकी जांच, सामान की लोडिंग और यात्रियों की जमीनी सुविधाओं का जिम्मा संभालते हैं.

इनका मुख्य काम फ्लाइट की सुरक्षा जांच करना, उड़ान से पहले तकनीकी हरी झंडी देना और रनवे पर विमानों का संचालन सुचारू रखना है. अपनी मांगों को लेकर कर्मचारी काम छोड़कर मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर धरने पर बैठ गए हैं. कर्मचारी संघ का आरोप है कि उनकी रुकी हुई सैलरी हाइक और लंबे समय से लंबित प्रमोशन को लेकर मैनेजमेंट गंभीर नहीं है.

ख़बर है कि हैदराबाद से मुंबई आई एयर इंडिया की फ्लाइट के लैंड होने के बाद, कर्मचारी काम छोड़कर चले गए जिससे यात्री कुछ समय के लिए बाहर नहीं निकल पाये. विमान के भीतर बैठे यात्री पिछले 30 मिनट से अधिक समय से अपनी सीटों पर ही फंसे हुए रहे और बाहर निकलने का इंतजार करते दिखे. एयरपोर्ट अथॉरिटी और एयर इंडिया के वरिष्ठ अधिकारी इस गतिरोध को खत्म करने और कर्मचारियों को काम पर वापस लाने की कोशिश में जुटे हैं.

इस मामले में एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि मुंबई एयरपोर्ट पर थर्ड-पार्टी ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसी के कर्मचारियों की औद्योगिक कार्रवाई के कारण उड़ान सेवाएं प्रभावित हो रही हैं. एयरपोर्ट पर हमारी टीमें सभी संबंधित पक्षों के साथ मिलकर काम कर रही हैं ताकि यात्रियों को होने वाली असुविधा को कम किया जा सके और जल्द से जल्द सामान्य संचालन बहाल किया जा सके. इस दौरान यात्रियों द्वारा दिखाए जा रहे धैर्य और सहयोग के लिए हम उनका आभार व्यक्त करते हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Air India Flight Grounded Mumbai, Passengers Stuck Inside Aircraft, Hyderabad To Mumbai Flight Delay, Mumbai Airport Strike Impact, Ground Staff Protest India
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com