विज्ञापन

ट्विशा शर्मा केस: ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर विसर्जित होंगी अस्थियां, त्रिवेणी घाट थी उनकी पसंदीदा जगह

पूर्व अभिनेत्री और मॉडल ट्विशा शर्मा की अस्थियां उनकी पसंदीदा जगह ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर विसर्जित की जाएंगी. 12 मई को भोपाल में हुई उनकी संदिग्ध मौत के बाद से लेकर अब तक इस केस में कई बड़े मोड़ आए हैं.

ट्विशा शर्मा केस: ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर विसर्जित होंगी अस्थियां, त्रिवेणी घाट थी उनकी पसंदीदा जगह

भोपाल की बहू और नोएडा की बेटी, पूर्व मॉडल व अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की अस्थियां ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर गंगा नदी में विसर्जित की जाएंगी. अस्थि विसर्जन के लिए उनके परिजन 29 मई की दोपहर 12:30 बजे त्रिवेणी घाट पहुंचेंगे. परिजनों ने त्रिवेणी घाट का चयन इसलिए किया है क्योंकि यह ट्विशा शर्मा की पसंदीदा जगहों में से एक थी और वह अक्सर यहां घूमने जाया करती थीं.

CBI की बड़ी कार्रवाई: आरोपी सास गिरिबाला सिंह गिरफ्तार

इधर, ट्विशा शर्मा केस में 28 मई को एक बड़ा अपडेट आया है. उनकी सास और आरोपी पूर्व रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने गिरफ्तार कर लिया है. गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे सीबीआई की विशेष टीम भोपाल स्थित उनके आवास पर पहुंची थी. वहाँ गिरिबाला सिंह से करीब सात घंटे तक पूछताछ की गई और उसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. अब सीबीआई गिरिबाला सिंह को कोर्ट में पेश करके इस मामले में आगे की पूछताछ करेगी.

सबूत मिटाने और दहेज हत्या के आरोप

ट्विशा शर्मा केस में गिरिबाला सिंह पर सबूत मिटाने और सबूत छिपाने के आरोप हैं. 12 मई को ससुराल में ट्विशा शर्मा का शव फांसी के फंदे से लटका मिलने के बाद, भोपाल एम्स में हुए पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया था. उन्होंने सास और पति समर्थ सिंह पर दहेज हत्या का आरोप लगाया था. इस मामले में मां-बेटे ने कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका भी लगाई थी. मध्य प्रदेश हाईकोर्ट द्वारा गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत याचिका रद्द किए जाने के बाद सीबीआई ने उन पर शिकंजा कसा. दूसरी ओर, समर्थ सिंह जब कोर्ट में सरेंडर करने आया, तब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था.

दिल्ली एम्स की टीम ने किया दूसरा पोस्टमार्टम

ट्विशा शर्मा के परिजनों की मांग पर दिल्ली एम्स से भोपाल पहुंची डॉक्टरों की टीम ने 25 मई को उनके शव का दूसरा पोस्टमार्टम किया. इसके बाद, मौत के तेरहवें दिन ट्विशा शर्मा के शव का अंतिम संस्कार हो सका, जहाँ उनके भाई मेजर हर्षित शर्मा ने बहन की चिता को मुखाग्नि दी. अब मौत के करीब 17 दिन बाद गंगा नदी में उनकी अस्थियां विसर्जित की जाएंगी.

ट्विशा शर्मा केस: कब-क्या हुआ?

  • 11-12 मई: नोएडा की रहने वाली पूर्व मॉडल ट्विशा शर्मा का शव भोपाल के कटारा हिल्स स्थित उनके ससुराल में रात को जिम्नास्टिक हुक से फांसी के फंदे पर लटका मिला.
  • 12 मई: सुबह एम्स भोपाल में शव का पोस्टमार्टम हुआ. परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया, जिसके बाद से शव को एम्स के शवगृह (मोर्चुरी) में सुरक्षित रख दिया गया.
  • 13 मई: परिजनों ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय पर हंगामा किया और पति समर्थ सिंह व सास गिरिबाला सिंह पर दहेज हत्या का आरोप लगाया. देर रात मामले में एफआईआर (FIR) दर्ज की गई. इसी दिन रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह ने अग्रिम जमानत के लिए आवेदन किया.
  • 14 मई: निचली अदालत से 50,000 रुपये के मुचलके पर गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत याचिका मंजूर हो गई. उनकी बढ़ती उम्र को आधार बनाकर अदालत ने यह राहत दी थी.
  • 15 मई: परिजनों ने एम्स भोपाल की पोस्टमार्टम रिपोर्ट को मानने से साफ इनकार कर दिया.
  • 16 मई: परिजनों ने शव का दोबारा पोस्टमार्टम करवाने और इस मामले की जांच दिल्ली से बाहर किसी स्वतंत्र एजेंसी से करवाने की मांग उठाई.
  • 17 मई: परिजनों ने न्याय की मांग को लेकर सीएम हाउस के बाहर धरना दिया. बाद में मुख्यमंत्री के ओएसडी (OSD) से मुलाकात के बाद उन्हें उचित कार्रवाई का ठोस आश्वासन मिला.
  • 18 मई: पति समर्थ सिंह ने भी अग्रिम जमानत की अर्जी लगाई थी, जिसे भोपाल कोर्ट ने खारिज कर दिया.
  • 19 मई: आरोपी पति समर्थ सिंह के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया ताकि वह देश छोड़कर विदेश न भाग सके.
  • 20 मई: भोपाल कोर्ट ने शव को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए ताकि उसे डीकंपोज (खराब) होने से बचाया जा सके.
  • 21 मई: पुलिस ने फरार चल रहे समर्थ सिंह की गिरफ्तारी पर इनाम की राशि को 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 30 हजार रुपये कर दिया.
  • 22 मई: आरोपी पति समर्थ सिंह ने जबलपुर हाईकोर्ट में सरेंडर करने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद भोपाल पुलिस ने उसे वहीं गिरफ्तार कर लिया.
  • 23 मई: ट्विशा शर्मा मामले का सुप्रीम कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया. चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) की अध्यक्षता वाली बेंच ने 25 मई को इस पर सुनवाई करने का फैसला किया. 
  • 24 मई: भोपाल एम्स में दिल्ली एम्स के डॉक्टरों की विशेष टीम ने शव का दोबारा पोस्टमार्टम किया और उसे मायके वालों को सौंप दिया. इसके बाद भोपाल में ही गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार संपन्न हुआ. 
  • 26 मई: इस मामले में स्थानीय पुलिस की बड़ी लापरवाही उजागर हुई. समर्थ की केस डायरी के ढुलमुल रवैए को देख सीबीआई (CBI) स्थानीय पुलिस पर भड़क गई. 
  • 27 मई: भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा डेथ केस में सीबीआई ने तेजी दिखाते हुए पति समर्थ सिंह को अपनी कस्टडी में ले लिया. 
  • 28 मई: मामले में एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए सीबीआई ने आरोपी पूर्व जज गिरिबाला सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया.
  • 29 मई: ट्विशा शर्मा की अस्थियां ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर पूरे विधि-विधान के साथ गंगा नदी में विसर्जित की जाएंगी.


यह भी पढ़ें- ट्विशा शर्मा मौत मामला: CBI ने टेकओवर किया केस, FIR में शादी के दिन ₹2 लाख एक्सट्रा दहेज का जिक्र

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com