विज्ञापन

पत्नी को डांटने पर बेटे ने कर दी पिता की हत्या; रस्सियों से बांधकर रखा, सूरजपुर में दिल दहला देने वाली क्रूरता

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में पत्नी को डांटने से नाराज बेटे ने अपने पिता को रस्सियों से बांध दिया. अस्पताल में इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई. आरोपी गिरफ्तार.

पत्नी को डांटने पर बेटे ने कर दी पिता की हत्या; रस्सियों से बांधकर रखा, सूरजपुर में दिल दहला देने वाली क्रूरता
पत्नी को डांटने पर बेटे ने कर दी पिता की हत्या, सूरजपुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात

Son Kills Father: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर (Surajpur) जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है. प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बकिरमा गांव में एक बेटे ने अपनी पत्नी को डांटने से नाराज होकर अपने ही पिता की कथित तौर पर हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि पिता अक्सर बेटे और उसकी पत्नी को घर-परिवार की जिम्मेदारियों को लेकर समझाइश देते थे. घटना वाले दिन भी उन्होंने बहू को किसी बात पर डांट दिया था. इसकी जानकारी मिलने के बाद आरोपी बेटा गुस्से में घर पहुंचा और अपने बुजुर्ग पिता को रस्सियों से बांध दिया. बाद में उनकी हालत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पत्नी की शिकायत के बाद घर पहुंचा आरोपी

जानकारी के अनुसार प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बकिरमा गांव निवासी फहरदास अपने पुत्र हेमचरण दास को अक्सर घर की जिम्मेदारियों को लेकर समझाइश देते थे. घटना वाले दिन हेमचरण किसी काम से रामानुजनगर गया हुआ था. इसी दौरान फहरदास ने अपनी बहू को किसी बात पर डांट दिया. इसके बाद बहू ने फोन कर अपने पति को पूरी घटना की जानकारी दी और बताया कि ससुर उसे डांट रहे हैं. पत्नी की बात सुनते ही हेमचरण दास गुस्से में घर लौट आया.

Surajpur Father Murder Case: पिता की हत्या का आरोपी बेटा

Surajpur Father Murder Case: पिता की हत्या का आरोपी बेटा

पिता को रस्सी से बांध दिया

गांव पहुंचते ही आरोपी ने अपना आपा खो दिया. आरोप है कि उसने अपने पिता को पकड़कर रस्सी से पैर से लेकर सिर तक कसकर बांध दिया. बुजुर्ग की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने हस्तक्षेप करते हुए फहरदास को रस्सियों से मुक्त कराया.

ग्रामीणों को धमकाकर फिर बांधा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब ग्रामीण बुजुर्ग को छुड़ा रहे थे, तब आरोपी ने उन्हें डरा-धमकाकर वहां से भगा दिया. इसके बाद उसने दोबारा अपने पिता को रस्सियों से बांध दिया. बुजुर्ग की हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी, लेकिन आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ.

सरपंच ने पहुंचाया अस्पताल

मामले की जानकारी गांव के सरपंच को मिली तो वे तत्काल मौके पर पहुंचे. उन्होंने हस्तक्षेप करते हुए बुजुर्ग को रस्सियों से मुक्त कराया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी. अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने फहरदास को मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने आरोपी बेटे को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने आरोपी पुत्र हेमचरण दास को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

पुलिस का क्या कहना है?

सूरजपुर SDOP अभिषेक पैकरा के मुताबिक, मृतक अक्सर अपने बेटे और बहू को घर के बुजुर्गों की देखभाल तथा भोजन संबंधी जिम्मेदारियों को लेकर समझाइश देते थे. घटना वाले दिन भी मृतक ने बहू को डांटा था. इसके बाद नाराज बेटे ने अपने पिता को रस्सियों से बांध दिया. बाद में सरपंच द्वारा अस्पताल पहुंचाए जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

यह भी पढ़ें : ट्रंपेट इंटरचेंज: बिना सिग्नल और क्रॉसिंग के सरपट दौड़ेंगे वाहन; क्यों खास है MP के विदिशा का हाईटेक प्रोजेक्ट

यह भी पढ़ें : PM आवास योजना ग्रामीण; यूपी को 6.18 लाख नए पक्के मकानों की मंजूरी, शिवराज सिंह ने सीएम योगी को सौंपा पत्र

यह भी पढ़ें : 766 गांवों में एक साथ जन चौपाल, हेलमेट जागरूकता को लेकर जशपुर पुलिस ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

यह भी पढ़ें : शहडोल में 1.01 करोड़ रुपये गबन मामला: तत्कालीन प्रभारी BEO अशोक शर्मा सेवा से बर्खास्त

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Son Kills Father, Surajpur News, Father Murder Case, Chhattisgarh News, CG Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com