- शिवसेना यूबीटी में बागवत की खबरों के बीच पार्टी एक्शन में आ गई है
- पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने दावा किया है कि उनके सभी सांसद एकजुट हैं
- लेकिन प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शिवसेना यूबीटी के 6 सांसद गैर हाजिर रहे हैं
महाराष्ट्र में शिवसेना यूबीटी में बगावत की खबरों की पार्टी ने दावा किया है कि सांसदों को खरीदने के लिए 50 करोड़ रुपये ऑफर किए गए हैं और 15 करोड़ रुपये एडवांस में दे भी दिए गए हैं. इस बीच शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा है कि जो सांसद पार्टी छोड़ना चाहते हैं, उसे हम छोड़ेंगे नहीं. नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राउत ने कहा कि सांसदों को जिताने में कार्यकर्ताओं का खून-पसीना बहा है. उन्होंने दावा किया कि अभी तक की जानकारी के मुताबिक सभी सांसद हमारे साथ हैं.
सांसदों को मिले 50 करोड़ के ऑफर
संजय राउत ने दावा किया कि सांसदों को पाला बदलने के लिए 50 करोड़ रुपये का ऑफर दिया गया है. राउत ने दावा किया कि सांसदों को एडवांस में 15 करोड़ रुपये दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि एक प्राइवेट जेट को दिल्ली से सांसदों को लाने के लिए भेजा गया. उन्होंने दावा किया कि पुणे, नांदेड़ समेत तीन प्राइवेट जेट तीन लोकेशन पर भेजा गया था.
जिनको जाना है वो इस्तीफा देकर जाएं-राउत
राउत ने कहा कि हमने सांसदों को टिकट दिया, जितनी औकात थी उतना पैसा भी दिया. जिन सांसदों का नाम आया है और उनके एकनाथ शिंदे के साथ जाने की खबरें आ रही हैं, उनको इस बात का खंडन करना चाहिए. राउत ने कहा कि जिनको जाना है वो इस्तीफा देकर जाएं. राउत ने कहा कि 14 तारीख को हमारी बैठक हुई थी. हमारे चार सांसद प्रत्यक्ष और बाकी लोग ऑनलाइन जुड़े थे. सभी सांसदों ने कहा कि हम पार्टी के साथ हैं और हम छोड़कर नहीं जा रहे हैं.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद सांसद
1. अरविंद सावंत
2. अनिल देसाई
3. राजाभाऊ वाजे
प्रेस कॉन्फ्रेंस से गैरहाजिर सांसद
1. संजय जाधव
2. संजय देशमुख
3. ओमराजे निंबाळकर
4. भाऊसाहेब वाकचौरे
5. संजय दीना पाटील
6. नागेश आष्टीकर
राउत बोले- बाला साहेब के नाम पर चुनकर आए हैं सांसद
राउत ने दावा किया दो सांसदों ने साईं बाबा और मां भवानी और मां की शपथ लेकर हमारे साथ होने की बात कही थी. उन्होंने कहा कि अगर फिर भी वो जाना चाहते हैं तो हम छोड़ेंगे नहीं. राउत ने दावा किया कि सांसदों को पैसा दिया गया है. उन्होंने दावा किया कि 15 करोड़ लेकर चार्टर प्लेन में बैठकर नांदेड़ और पुणे में पैसा दिया गया है. उन्होंने कहा कि शिवसेना हमारी मां है. उसके साथ बेईमानी करेंगे तो हम बर्दाश्त नहीं करेंगे. ये सभी सांसद बाला साहेब ठाकरे के नाम पर चुनकर आए हैं.
टूट पर अभी भी पेच
इस बीच, सूत्रों के हवाले से खबर है कि शिवसेना यूबीटी के सांसदों का अभी स्पीकर से मिलने का समय तय नहीं है. सूत्रों ने बताया कि टूट के जरूरी 6 सांसदों के जुटने पर अभी सवाल है. गौरतलब है कि दो तिहाई टूट के लिए 9 में से 6 सांसद चाहिए. सूत्रों ने बताया कि अभी कुछ सांसदों से बातचीत चल रही है. ऐसा कहा जा रहा है कि अभी टूट के लिए जरूरी संख्या अभी पूरी नहीं हो पा रही है. हालांकि, आज हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में 6 सांसद गैरहाजिर रहे हैं.
पढ़ें, 11 बजे की मीटिंग में जो सांसद नहीं आएंगे उनपर कार्रवाई... NDTV से बोले संजय राउत
यह भी पढ़ें, शिवसेना UBT से क्यों खफा सांसद? 'शाह, फडणवीस ने दुख में साथ दिया, उद्धव ने नहीं'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं