मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के खनियाधाना में हुए भीषण सिलेंडर ब्लास्ट ने एक पूरा परिवार तबाह कर दिया. इस हादसे में अब डेढ़ साल के मासूम शिवा प्रजापति ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है. इसके साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर 4 हो गई है, जबकि एक महिला की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और उसका ग्वालियर में इलाज चल रहा है. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
मासूम की मौत से बढ़ा मौत का आंकड़ा
खनियाधाना में हुए इस दर्दनाक हादसे में अस्पताल में भर्ती डेढ़ साल के मासूम शिवा प्रजापति जिंदगी की जंग हार गया. मासूम की मौत के बाद हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है. इस खबर के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है.
एक ही परिवार के तीन लोगों की गई जान
इस हादसे ने एक परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया. सिलेंडर ब्लास्ट में पिता प्राण सिंह प्रजापति, उनकी बेटी जानवी प्रजापति और अब मासूम बेटा शिवा प्रजापति की मौत हो चुकी है. परिवार के तीन सदस्यों की एक साथ मौत से इलाके के लोग स्तब्ध हैं.
पड़ोस की 13 साल की बच्ची भी बनी शिकार
इस हादसे की चपेट में पड़ोस में रहने वाली 13 वर्षीय मासूम बच्ची भी आ गई थी, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई. इस तरह इस दुखद घटना में कुल चार लोगों की जान जा चुकी है. हादसे में गंभीर रूप से झुलसीं रोशनी प्रजापति की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है. उन्हें बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है.
हादसे का कारण जानने में जुटा प्रशासन
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में गहरा शोक छाया हुआ है. स्थानीय प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है. शुरुआती जानकारी में सिलेंडर ब्लास्ट के साथ-साथ घर में अवैध रूप से डीजल-पेट्रोल के भंडारण की बात सामने आई है, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है. फिलहाल हादसे के असली कारण का पता लगाने के लिए जांच जारी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं