मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में आवारा कुत्ते से अपनी जान बचाने के चक्कर में 13 हिरणों की कुएं में गिरकर मौत हो गई. शुजालपुर की कालापीपल तहसील के खरदोंनकलां गांव में यह हादसा हुआ है. गहरे कुएं में गिरने और समय पर कोई मदद न मिलने के कारण सभी 13 हिरणों और उनका पीछा कर रहे कुत्ते की तड़प-तड़प कर मौत हो गई. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. फिलहाल वन विभाग और पुलिस की टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से शवों को बाहर निकाल लिया है.
खेत पहुंचे किसान ने देखा तो खुला मामला
घटना का खुलासा रविवार सुबह उस समय हुआ जब खेत मालिक अपनी फसल पर कीटनाशक का छिड़काव करने के लिए खेत पर पहुंचे थे. काम के दौरान अचानक उन्हें कुएं से तेज दुर्गंध आई. जब उन्होंने कुएं के भीतर झांककर देखा तो उनके होश उड़ गए. कुएं के पानी में बड़ी संख्या में हिरणों और एक कुत्ते के शव पड़े थे. किसान ने तुरंत इसकी सूचना गांव के सरपंच को दी, जिसके बाद पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शवों को बाहर निकाला गया.
#WATCH | Madhya Pradesh: 13 blackbucks died after falling into a well while being chased by a dog in Shajapur.
— ANI (@ANI) July 8, 2026
Divisional Forest Officer (DFO) Hemlata Shah says, "A dog was chasing a herd of blackbucks. While running away from the dog, the blackbucks fell into a well. The dog… pic.twitter.com/ifuR5fbmzt
क्षतिग्रस्त मुंडेर बनी काल, मृत हिरणों में 9 मादा
वन विभाग की प्रारंभिक जांच और परिस्थितियों को देखकर माना जा रहा है कि यह हादसा एक-दो दिन पुराना है. बताया जा रहा है कि एक खूंखार आवारा कुत्ता हिरणों के इस झुंड को दौड़ा रहा था. जान बचाने के लिए अंधाधुंध भाग रहा पूरा झुंड कुएं की क्षतिग्रस्त मुंडेर वाले हिस्से से सीधे अंदर जा गिरा. रफ्तार तेज होने के कारण पीछा कर रहा कुत्ता भी खुद को रोक नहीं पाया और वह भी कुएं में गिर गया. वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मृत पाए गए 13 हिरणों में से 4 नर और 9 मादा हिरण शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: MP में बेतवा को 'नया जीवन' देने का मास्टर प्लान ! साल 2053 की आबादी को देखकर तैयार हो रहा DPR
पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार
मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी वन्यजीवों का डॉक्टरों की टीम से पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद सम्मानपूर्वक उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया. इस दुखद घटना पर जिला वन अधिकारी (DFO) हेमलता शाह का कहना है कि एक कुत्ता हिरणों के झुंड का पीछा कर रहा था. कुत्ते से भागते हुए यह हिरण कुएं में गिर गए और पीछा कर रहा कुत्ता भी उसी कुएं में जा गिरा. वन विभाग की टीम ने सभी के शवों को बाहर निकाला. इनका पोस्टमॉर्मट कराया और सैंपल की जांच की जा रही है. शुरुआती तौर पर ऐसा लगता है कि कुत्ते ने उनका पीछा किया और डर के मारे वे कुएं में गिर गए. मामले की जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें: विज्ञान पर भारी पड़ा अंधविश्वास ! छत्तीसगढ़ के 'चावल वाले बाबा' ने नोएडा के डॉक्टर से ठगे 40 लाख रुपये
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं