MP News: मध्य प्रदेश के किसानों के लिए बीज को सस्ता और बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है. राज्य सरकार किसानों को बाजार कीमत से लगभग आधी दर पर हाईब्रिड बीज उपलब्ध कराने की योजना पर काम कर रही है. इसके साथ ही MP के ‘चीता बीज' को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की तैयारी भी शुरू हो गई है. सरकार का कहना है कि आने वाले समय में बीज उत्पादन, ब्रांडिंग, प्रसंस्करण और मार्केटिंग, चारों मोर्चों पर काम किया जाएगा. मकसद साफ है, किसानों को कम दाम में बेहतर बीज मिले और खेती ज्यादा फायदे का सौदा बने.
लागत घटेगी, उत्पादन बढ़ेगा
भोपाल में आयोजित राज्य सहकारी बीज एवं विपणन संघ (बीज संघ) के संचालक मंडल की बैठक में सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने बीज उत्पादन बढ़ाने और गुणवत्ता पर खास जोर दिया. बैठक में बताया गया कि मक्का, नॉन‑जीएम कपास और सब्जियों के हाईब्रिड बीज तैयार कर किसानों तक पहुंचाया जाएगा. लक्ष्य यह है कि किसानों को अच्छी क्वालिटी के बीज बाजार से करीब आधी कीमत में मिलें, जिससे खेती की लागत घटे और पैदावार बढ़े.
‘चीता बीज' को मिलेगी नई पहचान
बैठक में ‘चीता बीज' पर भी चर्चा हुई. मंत्री सारंग ने इसे देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के स्तर पर ब्रांड के रूप में स्थापित करने के निर्देश दिए. इसके लिए बीज की गुणवत्ता, आकर्षक पैकेजिंग और मजबूत ब्रांडिंग पर ध्यान दिया जाएगा. साथ ही सोशल मीडिया, कृषि मेलों और प्रदर्शनियों के जरिए इसका प्रचार‑प्रसार किया जाएगा, ताकि किसान भरोसे के साथ इस बीज को अपनाएं.
बीज प्रसंस्करण मजबूत करने की तैयारी
बीजों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए प्रसंस्करण व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा. इसके तहत नई सीड प्रोसेसिंग यूनिट और कलर सॉर्टेक्स मशीनें लगाई जाएंगी. पहले चरण में यह काम गुना और खरगोन जिले में शुरू होगा, जिसके बाद इसे पैक्स और सहकारी समितियों के जरिए दूसरे जिलों तक फैलाया जाएगा.
किसानों को मिलेगा प्रशिक्षण
सरकार की योजना सिर्फ बीज देने तक सीमित नहीं है. बीज उत्पादन के लिए किसानों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा. जिन किसानों ने पहले अच्छा काम किया है, उन्हें आगे लाकर दूसरे किसानों को सिखाया जाएगा. हर इलाके की जलवायु और खेती की जरूरत के हिसाब से बीज उत्पादन की योजना तैयार की जाएगी, ताकि हर क्षेत्र को सही बीज मिल सके.
यह भी पढ़ें : MP ग्रीन पावर स्टेट की ओर; किसानों को 2.40 रुपये यूनिट में सोलर बिजली, 8 लाख सोलर पंप होंगे चालू
यह भी पढ़ें : भोपाल में बदमाशों का आतंक; 6 साल की बच्ची के सिर पर हमला, CCTV में कैद हुई वारदात
यह भी पढ़ें : सतना में बेटी को बचाने मां ने लगा दी अपनी जान की बाजी; खदान में डूबने से मौत
यह भी पढ़ें : "आंखें बंद करिए, आपको कुछ देना है"; 5 साल की यशस्विनी ने CM योगी को गिफ्ट किया 'बुलडोजर', देखिए Video
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं