विज्ञापन

भोपाल डबल मर्डर: 1500 CCTV खंगाल कर केस सुलझा, मकान हड़पने के लिए सगे भाइयों ने की बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या

भोपाल के ऐशबाग में भेल के रिटायर्ड कर्मचारी हेमंत बारीक और उनकी पत्नी की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के अनुसार, 1500 CCTV कैमरों और 100 लोगों से पूछताछ के बाद नाम बदलकर रह रहे शातिर बदमाश श्रीकांत समेत दो आरोपी गिरफ्तार हुए हैं. आरोपियों ने मकान की गिफ्ट डीड धोखे से कराने के बाद इस सुनियोजित डबल मर्डर को अंजाम दिया था.

भोपाल डबल मर्डर: 1500 CCTV खंगाल कर केस सुलझा, मकान हड़पने के लिए सगे भाइयों ने की बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या

भोपाल के ऐशबाग स्थित सुदामा नगर में भेल के रिटायर अधिकारी हेमंत बारीक और उनकी पत्नी शकुंतला बारीक की हत्या के मामले में भोपाल पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. पुलिस ने इस सुनियोजित दोहरे हत्याकांड के दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए इसे एक बेहद चुनौतीपूर्ण केस बताया, जिसके लिए पुलिस ने करीब 1500 सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले और 100 से ज्यादा संदिग्धों से पूछताछ की. तफ्तीश में सामने आया है कि वारदात की मुख्य वजह प्रॉपर्टी का लालच था, जहां मुख्य आरोपी ने बुजुर्ग दंपति से धोखे से उनके ही मकान की गिफ्ट डीड करवा ली थी और उसी पर कब्जा करने के लिए इस खौफनाक हत्याकांड को अंजाम दिया..

सगे भाइयों ने रची थी खूनी साज़िश, धोखे से लिखवा लिया था दान पत्र

पुलिस तफ्तीश में सामने आया है कि इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने वाले दोनों आरोपी आपस में सगे भाई हैं.

इनमें से मुख्य आरोपी श्रीकांत चिचलिया कजलीखेड़ा का रहने वाला है और वह प्रॉपर्टी ब्रोकर का काम करता है, जबकि उसका भाई शशिकांत फिजियोथैरेपिस्ट का छात्र है.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिछले दो सालों से बुजुर्ग दंपति को जानते थे और उनके संपर्क में थे. इसी का फायदा उठाकर आरोपियों ने पहले बुजुर्ग दंपति हेमंत और शकुंतला के घर का धोखे से दान पत्र यानि गिफ्ट डीड अपने नाम करा लिया था. दान पत्र कराने के बाद मकान पर पूरी तरह से कब्जा करने और मामले को हमेशा के लिए दबाने के मकसद से दोनों भाइयों ने मिलकर इस खौफनाक मर्डर को प्लान किया.

पहले पति फिर पत्नी को उतारा मौत के घाट

वारदात की रात को लेकर पुलिस ने बताया कि आरोपी पूरी तैयारी के साथ घर में दाखिल हुए थे. इसके लिए उन्होंने आगर मालवा से अवैध हथियार खरीदे थे. घर में घुसकर आरोपियों ने बेहद बेरहमी से दोनों को गोली मार दी. उन्होंने पहले पति हेमंत को गोली मारी और उसके बाद गवाही या विरोध का कोई मौका न बचे, इसलिए पत्नी शकुंतला को भी गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया. हालांकि शातिर होने के बावजूद आरोपी पुलिस की नजरों से बच नहीं सके और सीसीटीवी फुटेज में उनकी मूवमेंट कैद हो गई. पुलिस अब इस मामले में उन लोगों की भी तलाश कर रही है जिन्होंने इन आरोपियों को वारदात के बाद या पहले संरक्षण दिया था, ताकि उन्हें भी कानून के शिकंजे में लाया जा सके.

तेज बारिश की रात बनी ढाल 

पुलिस तफ्तीश में यह बात सामने आई है कि आरोपियों ने वारदात के लिए मौसम और समय का बेहद शातिर तरीके से चयन किया.

24 जून की शाम या रात के दौरान जब सुदामा नगर इलाके में मूसलाधार बारिश हो रही थी, तब आरोपी घर में दाखिल हुए. तेज बारिश और बादलों की गड़गड़ाहट के बीच आरोपियों ने बुजुर्ग दंपति पर हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया.

भारी बारिश के शोर के कारण आसपास के पड़ोसियों और स्थानीय लोगों को इस खौफनाक वारदात की भनक तक नहीं लग सकी. पुलिस अब आरोपियों को रिमांड पर लेकर मामले से जुड़े अन्य कड़ियों और मददगारों के बारे में पूछताछ कर रही है.
ये भी पढ़ें: NSUI की महिला पदाधिकारी से दुष्कर्म, फ्लैट पर ले जाकर वारदात को दिया अंजाम; संगठन के कार्यकर्ता पर आरोप

मृतिका की भाभी की भूमिका भी संदेहास्पद

पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के मुताबिक मुख्य आरोपी श्रीकांत शाहपुरा थाने का रिकॉर्डेड बदमाश है, जिसके खिलाफ पहले से आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं. वह इलाके में अपना नाम बदलकर रह रहा था. पुलिस जांच में सामने आया है कि श्रीकांत की गतिविधियां पहले से ही संदिग्ध थीं और वह पिछले कुछ समय से मृतक परिवार के लगातार संपर्क में था. पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी साफ किया गया है कि इस मामले में मृतिका की भाभी शिवानी का नाम भी सामने आ रहा है, जिसकी भूमिका की जांच की जा रही है. वारदात में दो अलग-अलग हथियारों का इस्तेमाल किया गया था, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है.
ये भी पढ़ें: भोपाल में पुलिस के सामने हो गई चोरी! चेकिंग के दौरान दूसरे की स्कूटर की चाबी ले गया चोर, सबके सामने हुआ फरार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bhopal Double Murder Case, Bhopal Police, Bhopal Crime, Madhya Pradesh News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com