विज्ञापन

बेटियों से दुष्कर्म में जेल गया पिता, फिर मां ने उन्हीं बेटियों को पैसों के लालच में अलग-अलग लोगों को सौंपा, हुईं गर्भवती

एक मां पर आरोप है कि उसने आर्थिक लाभ के लालच में अपनी दो नाबालिग बेटियों को कथित रूप से अलग-अलग व्यक्तियों को सौंप दिया. पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि दोनों बालिकाएं गर्भवती पाई गई हैं.

बेटियों से दुष्कर्म में जेल गया पिता, फिर मां ने उन्हीं बेटियों को पैसों के लालच में अलग-अलग लोगों को सौंपा, हुईं गर्भवती
पुलिस की गिरफ्त में दो आरोपी, बाकी तीन की तलाश जारी.
NDTV
  • बुरहानपुर में मां ने नाबालिग बेटियों को बेचा, हुईं गर्भवती.
  • पिता भी बेटियों से दुष्कर्म के आरोप में जेल में है बंद, इसके बाद मां ने उठाया था शर्मनाक कदम.
  • पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, मां समेत तीन फरार.

मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले से शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. एक मां ने अपनी दो नाबालिग बेटियों को दो अलग-अलग व्यक्तियों को सौंप दिया, जिनके बदले में उसने रुपये ले लिए. आरोप है कि इस दौरान दोनों पीड़िता गर्भवती हो गईं. मामले में पुलिस ने मां सहित पांच लोगों को आरोपी बनाकर एफआईआर दर्ज की है और दो लोगों को अभी तक गिरफ्तार किया है. तीन आरोपी अभी फरार हैं, जिनमें मां शामिल है.

पुलिस के अनुसार, मामला शाहपुर थाना क्षेत्र का है और घटना की शुरुआत महाराष्ट्र के जलगांव जिले से हुई थी. नाबालिग बच्चियों की मां ने महाराष्ट्र के धरणगांव थाने में अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपी पिता ने अपनी दोनों नाबालिग बेटियों के साथ लंबे समय तक दुष्कर्म किया. महाराष्ट्र पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. वह करीब दो वर्षों से महाराष्ट्र की जेल में बंद बताया जा रहा है.

कोर्ट पहुंचने पर गर्भवती होने का चला पता

मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया के दौरान दोनों नाबालिग बच्चियां न्यायालय में बयान दर्ज कराने पहुंचीं. इसी दौरान कोर्ट के संज्ञान में आया कि दोनों बच्चियां गर्भवती हैं. इसके बाद मामले की कड़ियां बुरहानपुर जिले से जुड़ीं और प्रकरण की जांच शाहपुर थाना पुलिस को सौंपी गई. पुलिस ने पिता की गिरफ्तारी के बाद बच्चियों के साथ क्या-क्या हुआ उसकी जांच शुरू कर दी.

गर्भवस्था के जांच करते समय हुआ खुलासा

शाहपुर पुलिस ने जब जांच की तो पता चला कि मां ने चंद पैसे कमाने के लिए अपनी दोनों बेटियों को दो अलग-अलग बेटियों को सौंप दिया था. इनमें एक बेटी आरोपी गिरधर को कथित रूप से 25 हजार रुपये में सौंपी गई. बाद इसी बच्ची को 1 एक लाख रुपये में आरोपी गोविंदा को कथित पत्नी के रूप में सौंप दिया. जांच में पता चला कि वह लगभग एक साल तक गोविंदा के साथ और गर्भवती भी हो गई.

दूसरी बच्ची कमलेश को सौंपी

वहीं, दूसरी बच्ची आरोपी कमलेश को सौंपी थी, जिसके बदले में मां को एक लाख रुपये मिले थे. वह आरोपी के साथ रहते समय गर्भवती हो गई. जांच में सामने आए इन तथ्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों नाबालिगों के साथ रहने वाले संबंधित पुरुषों को भी आरोपी बनाया है.

ये हैं पांचों आरोपी

पुलिस ने इस प्रकरण में कुल पांच आरोपियों को नामजद किया है. इनमें नाबालिगों की मां, गिरधर, शेर सिंह, गोविंदा और कमलेश शामिल हैं. पुलिस ने आरोपी गोविंदा और कमलेश को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं मां, गिरधर और शेर सिंह की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है.

जांच के दौरान पुलिस दोनों नाबालिग पीड़िताओं की उम्र से संबंधित दस्तावेज जुटा रही है. इसके अलावा न्यायालय में दर्ज बयानों, मेडिकल रिपोर्ट, गर्भावस्था संबंधी अभिलेख, डीएनए परीक्षण तथा अन्य मौखिक, दस्तावेजी और तकनीकी साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है. मामला बेहद गंभीर होने के कारण पुलिस सभी आरोपों और परिस्थितियों की बारीकी से जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें- देवर से बात करती थी भाभी, देवरानी ने घर के बाहर लाउडस्पीकर पर चला दी कॉल रिकॉर्डिंग, महिला ने दी जान

(बुरहानपुर से शारिक अख्तर दुर्रानी की रिपोर्ट)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mother Sold Daughter, Father Molest Minor Daughter, Burhanpur News, Crime News, MP News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com