विज्ञापन

मध्य प्रदेश HC में भ्रूण लेकर पहुंचा शख्स, कोर्ट में मचा हड़कंप; बोला- जज साहब! पुलिस नहीं सुन रही

Madhya Pradesh Hindi News: मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में सोमवार को एक अजीबोगरीब घटना सामने आई, जब एक व्यक्ति पॉलिथीन में शिशु का भ्रूण लेकर अदालत पहुंच गया. व्यक्ति का नाम दयाशंकर पांडे है, जो रीवा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ चुका है.

मध्य प्रदेश HC में भ्रूण लेकर पहुंचा शख्स, कोर्ट में मचा हड़कंप; बोला- जज साहब! पुलिस नहीं सुन रही

MP News in Hindi: जबलपुर स्थित मध्य प्रदेश हाईकोर्ट (Madhya Pradesh High Court) में सोमवार को उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया, जब एक व्यक्ति सुनवाई के दौरान पॉलिथीन में शिशु का भ्रूण लेकर अदालत पहुंच गया. यह मामला न्यायमूर्ति हिमांशु जोशी की एकलपीठ के समक्ष आया. घटना की जानकारी मिलते ही कोर्ट में मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल पॉलिथीन अपने कब्जे में लेकर स्थिति को संभाला.

बताया जा रहा है कि कोर्ट रूम में मौजूद दयाशंकर पांडे नामक व्यक्ति जोर-जोर से अपनी बात रखते हुए कह रहा था कि वह रीवा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ चुका है. उसका आरोप था कि कुछ समय पहले वह अपनी गर्भवती पत्नी के साथ जा रहा था, तभी एक दुर्घटना में उसकी पत्नी का गर्भपात हो गया. इस घटना को लेकर उसने पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने पर उसने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दी.

राष्ट्रपति को भी बनाया था पक्षकार

याचिका में उसने भारत के राष्ट्रपति को भी पक्षकार बनाया था. हालांकि, अदालत के निर्देश पर राष्ट्रपति का नाम बाद में पक्षकारों की सूची से हटा दिया गया. इसी याचिका पर सोमवार को सुनवाई निर्धारित थी.

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही हाईकोर्ट परिसर में सुरक्षा में तैनात स्पेशल आर्म्ड फोर्स (SAF) के जवानों के साथ ओमती थाना और सिविल लाइन थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई. जिस स्थान पर भ्रूण से भरी पॉलिथीन रखी गई थी, वहां तत्काल सफाई कराकर पूरे क्षेत्र को सैनिटाइज कराया गया.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, संबंधित व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. जब्त की गई सामग्री को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह वास्तव में मानव भ्रूण है या नहीं और उसकी उम्र कितनी है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि यह कदम किसी मानसिक असंतुलन का परिणाम है या फिर किसी तरह के विरोध प्रदर्शन अथवा अन्य उद्देश्य से उठाया गया.

ये भी पढ़ें- मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की आज की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

हाईकोर्ट जैसे अत्यंत संवेदनशील और सुरक्षित माने जाने वाले परिसर में इस प्रकार की वस्तु का पहुंच जाना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है. मेटल डिटेक्टर और अन्य जांच प्रक्रियाओं के बावजूद व्यक्ति संदिग्ध सामग्री के साथ अंदर कैसे पहुंच गया, इस पूरे मामले की वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा विस्तृत जांच कराई जा रही है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com