विज्ञापन

चलती ई-रिक्शा में 5वीं की छात्रा से छेड़छाड़, बचने के लिए कूदी मासूम, हाथ-पैर में आई चोट

मध्य प्रदेश के सागर जिले के खुरई में 12 वर्षीय छात्रा के साथ चलती ई-रिक्शा में छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. आरोप है कि खुद को बचाने के लिए छात्रा चलती गाड़ी से कूद गई, जिससे उसे चोटें आईं. पुलिस ने ऑटो चालक और एक अन्य आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया.

चलती ई-रिक्शा में 5वीं की छात्रा से छेड़छाड़, बचने के लिए कूदी मासूम, हाथ-पैर में आई चोट

एमपी के सागर जिले के खुरई में एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां स्कूल से घर लौट रही 12 वर्षीय छात्रा को कथित तौर पर चलती ई-रिक्शा (ऑटो) में छेड़छाड़ का सामना करना पड़ा. आरोप है कि छात्रा ने विरोध किया और वाहन रोकने के लिए कहा, लेकिन उसकी बात नहीं सुनी गई. खुद को बचाने के लिए छात्रा को चलती ऑटो से छलांग लगानी पड़ी, जिससे उसके हाथ और पैरों में चोटें आईं. घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑटो चालक और एक अन्य आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

स्कूल से घर लौटते समय हुई घटना

पुलिस के अनुसार, खुरई के सुभाष वार्ड का रहने वाला ऑटो चालक प्यारे मियां सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा को रोजाना स्कूल लाने और ले जाने का काम करता था. घटना वाले दिन भी स्कूल की छुट्टी के बाद वह छात्रा को घर छोड़ने के लिए निकला था. रास्ते में उसका परिचित महेश यादव, जो आसोली घाट का रहने वाला बताया गया है, ऑटो में सवार हो गया.

छात्रा ने लगाए गंभीर आरोप

आरोप है कि ऑटो चलने के दौरान महेश यादव ने छात्रा के साथ गलत हरकतें शुरू कर दीं. छात्रा ने स्थिति से बचने के लिए ऑटो रोकने की मांग की, लेकिन वाहन नहीं रोका. छात्रा ने जब खुद को असुरक्षित महसूस किया तो उसने चलती ऑटो से कूदने का फैसला किया. इस दौरान वह सड़क पर गिर गई और उसके हाथ-पैर में चोटें आईं.

परिजनों के अनुसार, छात्रा के पिता ने महज दो दिन पहले ही बच्ची के स्कूल आने-जाने के लिए इस ऑटो की व्यवस्था की थी. परिवार को उम्मीद थी कि बच्ची सुरक्षित तरीके से स्कूल जा सकेगी, लेकिन कुछ ही दिनों में यह गंभीर घटना सामने आ गई.

पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने ऑटो चालक प्यारे मियां और आरोपी महेश यादव के खिलाफ छेड़छाड़ तथा पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी व्यक्तियों की भूमिका की विस्तार से पड़ताल की जा रही है.

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी ने बताया कि छात्रा की शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है. पुलिस साक्ष्य जुटाने और घटनाक्रम की पुष्टि के लिए जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
School Girl Abused Case, POCSO Act Case MP, Molestation A Minor, Sagar Crime News, Student Harassment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com