जबलपुर में नर्मदा नदी ने एक बार फिर तीन घरों की खुशियां छीन लीं. तिलवारा के दद्दा घाट पर नहाने गए तीन दोस्तों की गहरे पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई. पल भर में मस्ती का माहौल चीख-पुकार में बदल गया. हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया और परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है.
नहाते समय हुआ दिल दहला देने वाला हादसा
बताया जा रहा है कि तीनों युवक नर्मदा नदी में नहाने के लिए दद्दा घाट पहुंचे थे. इसी दौरान वे अनजाने में गहरे पानी की तरफ चले गए. नदी में अचानक गहराई और तेज बहाव होने की वजह से तीनों खुद को संभाल नहीं पाए और डूबने लगे. देखते ही देखते तीनों पानी में समा गए.
स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू प्रयास
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों में हलचल मच गई. तुरंत गोताखोरों और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद तीनों युवकों को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. मृतकों की पहचान मोईन खान, साहिल खान और राजा खान के रूप में हुई है. तीनों जबलपुर के मुजावर मोहल्ले के रहने वाले बताए जा रहे हैं. एक साथ तीन दोस्तों की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है.
मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवा दिया है. मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि दद्दा घाट के कुछ हिस्सों में अचानक गहराई बढ़ जाती है और पानी का बहाव भी तेज रहता है. कई बार यहां हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद लोग बिना सावधानी के नदी में उतर जाते हैं, जिससे ऐसे दर्दनाक हादसे हो जाते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं