Interstate Drug Trafficker Arrested: इंदौर क्राइम ब्रांच ने अवैध नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्कर को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और राजस्थान से मध्यप्रदेश तक उसका नेटवर्क फैला हुआ था. आरोपी की पहचान वसीम खान, निवासी प्रतापगढ़ (राजस्थान) के रूप में हुई है, जिस पर 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं. इससे पहले पकड़े गए तस्करों से पूछताछ के दौरान उसका नाम सामने आया था, जिसके बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया.

Interstate Drug Smuggler Arrest Indore: वसीम खान
पूछताछ में सामने आया नाम, राजस्थान से गिरफ्तारी
क्राइम ब्रांच पुलिस के अनुसार, इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी रिजवान खोकर, फैजान मंसूरी, समीर लकारा और काजल उपाध्याय से पूछताछ के दौरान वसीम खान का नाम सामने आया. जांच में पता चला कि वसीम खान ड्रग्स सप्लाई का अहम कड़ी था. इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने मुखबिर की सूचना पर राजस्थान के देवलदी क्षेत्र में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया.

Interstate Drug Smuggler Arrest Indore: अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्कर वसीम खान गिरफ्तार
राजस्थान से इंदौर तक फैला था ड्रग्स नेटवर्क
पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ है कि वसीम खान अन्य राज्यों से मादक पदार्थ लाकर इंदौर में ड्रग्स सप्लायर्स को उपलब्ध कराता था. आरोपी बाहर से देखने में दिहाड़ी मजदूर का काम करता था, ताकि किसी को शक न हो, लेकिन असल में वह ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क को सक्रिय रूप से संचालित कर रहा था.
पहले भी जब्त की गई थी एमडी ड्रग्स
क्राइम ब्रांच इससे पहले इस नेटवर्क से जुड़े आरोपियों के कब्जे से 24.08 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त कर चुकी है. इस बरामदगी के बाद पुलिस ने पूरे नेटवर्क पर नजर रखनी शुरू की थी, जिसके चलते वसीम खान तक पहुंच बनाई जा सकी.
गिरफ्तारी के दौरान भागने की कोशिश, हाथ में आई चोट
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया. इस दौरान गिरने से आरोपी के हाथ में चोट भी आई.
दर्ज हैं करीब दो दर्जन आपराधिक मामले
डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश कुमार त्रिपाठी के अनुसार, वसीम खान पर राजस्थान और मध्यप्रदेश में करीब दो दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं. इंदौर में भी उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से दो केस दर्ज हैं. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है.
यह भी पढ़ें : Drug Factory Busted: नशे की फैक्ट्री पर रतलाम पुलिस का वार; मोस्ट वांटेड गिरफ्तार, 10 KG ड्रग्स समेत ये मिला
यह भी पढ़ें : Ladli Behna Yojana: अप्रैल में भी मिलेंगे 1500 रुपये, जानिए कब आएगी लाड़ली बहना योजना की 35वीं किस्त?
यह भी पढ़ें : सिंहस्थ 2028 की डेडलाइन फाइनल; CM मोहन यादव का ऐलान- 2027 दीपावली तक पूरे होंगे सभी काम, जानिए पूरा प्लान
यह भी पढ़ें : MP Cabinet Decisions: आंबेडकर जयंती से किसान कल्याण तक जानिए मोहन कैबिनेट के बड़े फैसले
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं