क्रिकेट मैच के दौरान फैंस अक्सर उन खिलाड़ियों के लिए तालियां बजाते हैं जो मैदान पर चौके-छक्के लगाते और फिफ्टी या शतक के बाद पवैलियन लौटते हैं, लेकिन इन शानदार उपलब्धियों के साथ-साथ क्रिकेट का एक ऐसा पहलू भी है जिसके बारे में ज्यादा बात नहीं होती. हालांकि कोई भी क्रिकेटर अपने नाम यह अनचाहा रिकॉर्ड नहीं करना चाहता, लेकिन खेल की अनिश्चितता ही इसे इतना लोकप्रिय और दिलचस्प बनाती है. एक दिन आप शतक लगाकर दुनिया के शिखर पर हो सकते हैं, तो दूसरे दिन शून्य पर आउट होकर निराशा में डूबे हो सकते हैं, तो हम आज उन 10 भारतीय क्रिकेटरों पर नजर डालते हैं जिनके नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार शून्य (डक) पर आउट होने का रिकॉर्ड है.
अनिल कुंबले के नाम अनोखा रिकॉर्ड
भारत के सबसे सफल गेंदबाज अनिल कुंबले ने 90 के दशक और 2000 के दशक की शुरुआत में अहम भूमिका निभाई और विरोधी बल्लेबाजों को अपनी फिरकी के जाल में फंसाया. भारतीय गेंदबाजी इतिहास में अपनी खास पहचान रखने वाले कुंबले किसी भी तरह से आसानी से आउट होने वाले बल्लेबाज नहीं थे. अपने करियर के दौरान कुंबले ने कई अहम पारियां खेलीं. कुंबले के नाम कुल 35 बार शून्य पर आउट होने का रिकॉर्ड है, और इस मामले में वह छठे स्थान पर हैं.
हरभजन सिंह और बुमराह के नाम भी रिकॉर्ड
महान ऑफ-स्पिनर हरभजन सिंह और टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह लॉअर ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हुए भारत के लिए कई अहम योगदान दिए हैं. हालांकि, उनके नाम भी बिना रन बनाए आउट होने का रिकॉर्ड है. हैरानी की बात नहीं है, क्योंकि उनकी बल्लेबाजी का अंदाज जोखिम भरे शॉट्स खेलने वाला रहा है. दोनों के नाम 37-37 बार शून्य पर आउट होने का रिकॉर्ड है.
इशांत शर्मा के नाम भी आउट होने का रिकॉर्ड
भारत के लिए तीसरे सबसे ज्यादा डक तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा के नाम हैं. ज्यादातर नंबर 8-11 पर बल्लेबाजी करने वाले ईशांत में बहुत ज्यादा रन बनाने की काबिलियत नहीं थी. लंबे स्पेल तक गेंदबाजी करने की क्षमता के लिए मशहूर, भारतीय गेंदबाजी लाइनअप के इस मेहनती खिलाड़ी की बल्लेबाजी उतनी कुशल नहीं थी. अपने करियर में 40 डक के साथ, इशांत को बल्लेबाजी में कई मुश्किल पलों का सामना करना पड़ा.
विराट कोहली दूसरे सबसे ज्यादा आउट होने वाले बल्लेबाज
इस लिस्ट में नंबर दो पर स्टार क्रिकेटर विराट कोहली का नाम है, जोकि भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप खिलाड़ियों में शामिल है. कोहली ने भारतीय क्रिकेट टीम के लिए दूसरे सबसे ज्यादा शतक भी लगाए हैं. जहां उन्होंने अपनी टीम के लिए कई मैच जिताने वाली पारियां खेली हैं, वहीं विराट के नाम 41 बार बिना खाता खोले आउट होने (डक) का रिकॉर्ड भी दर्ज है.
जहीर खान का नाम लिस्ट में नंबर एक पर
इस लिस्ट में नंबर एक पर जहीर खान का नाम है. जहीर लगभग एक दशक तक भारत के मुख्य तेज गेंदबाज रहे हैं, जहां गेंदबाजी में जहीर का भारत के लिए अहम योगदान रहा, वहीं बल्लेबाजी में उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं था. ज्यादातर 8वें या उससे नीचे के क्रम पर बल्लेबाज़ी करते हुए, ज़हीर का औसत 11.95 रहा और उन्होंने तीन अर्धशतक भी लगाए. वहीं जहीर के नाम 43 बार बिना खाता खोले आउट होने (डक) का रिकॉर्ड दर्ज है.
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार शून्य (Duck) पर आउट होने वाले भारतीय खिलाड़ी (टॉप 10)
- जहीर खान -43 डक
- विराट कोहली - 41 डक
- ईशांत शर्मा -40 डक
- जसप्रीत बुमराह - 37 डक
- हरभजन सिंह - 37 डक
- अनिल कुंबले - 35 डक
- रोहित शर्मा - 34 डक
- सचिन तेंदुलकर - 34 डक
- जवागल श्रीनाथ - 32 डक
- वीरेंद्र सहवाग -31 डक
ये भी पढ़ें- टीम इंडिया को डबल झटका, हार्दिक पांड्या की चोट ने बढ़ाई चिंता, हर्षित राणा की वापसी पर भी संकट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं