मध्य प्रदेश के औद्योगिक विकास और देश की सैन्य ताकत को मजबूत करने की दिशा में रविवार को एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया . मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शिवपुरी के कोलारस में अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास किया. ₹2,500 करोड़ की भारी भरकम लागत से बनने वाला यह प्लांट दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा निजी रक्षा प्रोजेक्ट है, जहां अब भारत की सुरक्षा के लिए अत्याधुनिक मिसाइलें और घातक हथियार तैयार किए जाएंगे.
इस ऐतिहासिक अवसर पर सीएम मोहन यादव ने क्षेत्र के विकास के लिए ₹211 करोड़ से अधिक के अन्य विकास कार्यों की सौगात भी दी. कार्यक्रम से पहले मेहमानों ने अदाणी समूह की ओर से प्रदर्शित आधुनिक हथियारों और रक्षा उपकरणों के मॉडलों का बारीकी से निरीक्षण किया.

एक ही छत के नीचे रॉ मटेरियल से लेकर पूरी मिसाइल होगी तैयार
शिवपुरी के पोलो ग्राउंड में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में अदाणी समूह के 'AAHL' डायरेक्टर जीत अदाणी और 'APSEZ' के मैनेजिंग डायरेक्टर करण अदाणी विशेष रूप से मौजूद रहे. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जीत अदाणी ने इस प्रोजेक्ट के विजन को साझा किया. उन्होंने बताया कि यह सिर्फ एक फैक्ट्री नहीं, बल्कि दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा प्राइवेट सेक्टर मिसाइल इकोसिस्टम बनने जा रहा है. इस प्लांट की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि यहां नेशनल डिफेंस के लिए जरूरी कच्चे माल से लेकर पूरी तरह से युद्ध के लिए तैयार तैयार मिसाइलें एक ही जगह पर बनाई जाएंगी.

'1000 किमी दूर बैठे दुश्मन पर होगा वार'
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस प्रोजेक्ट को शिवपुरी के लिए एक नए युग की शुरुआत बताया. उन्होंने गर्व से कहा कि मध्य प्रदेश की धरती पर बनने वाली ये मिसाइलें 1,000 किलोमीटर की दूरी तक दुश्मनों को नेस्तनाबूद करने की क्षमता रखेंगी. यह शिवपुरी के इतिहास का सबसे बड़ा दिन है. सीएम ने बताया कि इस मेगा इंडस्ट्री के आने से शिवपुरी और आसपास के इलाकों का कायाकल्प हो जाएगा. इससे करीब 4,000 से 5,000 लोगों को प्रत्यक्ष (Direct) रोजगार के अवसर मिलेंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को पलायन नहीं करना पड़ेगा.

सिंधिया ने बताया राष्ट्र सेवा का महायज्ञ
वहीं, केंद्रीय नागरिक उड्डयन और इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस प्रोजेक्ट को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'आत्मनिर्भर भारत' के सपने की नई इबारत बताया. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज शिवपुरी की धरती पर एक नया इतिहास रचा जा रहा है. अदाणी समूह द्वारा दी गई यह सौगात सिर्फ एक औद्योगिक निवेश या रोजगार का जरिया नहीं है, बल्कि देश की सीमाओं को सुरक्षित करने और राष्ट्र सेवा का एक बड़ा माध्यम है.
यह भी पढ़ें- MP Politics: दिग्विजय सिंह की 'रिसर्च' से कांग्रेस में भूचाल, कभी कोसने वाली BJP अब जता रही है 'प्यार'
कोलारस में स्थापित होने जा रहा यह प्लांट भारतीय सेना और सुरक्षा एजेंसियों के लिए आधुनिक हथियारों का मुख्य केंद्र बनेगा. यहां देश की रक्षा क्षमता को मजबूत करने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा. इस फैक्ट्री में मुख्य रूप से एडवांस असॉल्ट राइफलें और लाइट मशीन गन (LMG), सटीक निशाना लगाने वाली अत्याधुनिक स्नाइपर राइफल, आधुनिक पिस्तौल और सब मशीन गन और हाईटेक मिसाइलें और उनके कलपुर्जों का निर्माण होगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं