विज्ञापन

मैगी से मौत! खाने के बाद बिगड़ी युवक की तबीयत, अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

मध्य प्रदेश के हरदा जिले के खेड़ा गांव में मैगी खाने के बाद 25 वर्षीय युवक की तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है.

मैगी से मौत! खाने के बाद बिगड़ी युवक की तबीयत, अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

Youth Dies After Eating Maggi: मध्य प्रदेश के हरदा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि मैगी खाने के बाद एक 25 वर्षीय युवक की तबीयत अचानक बिगड़ गई और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई. घटना हंडिया थाना क्षेत्र के ग्राम खेड़ा की है. युवक की अचानक हुई मौत से परिवार के साथ‑साथ पूरे गांव में शोक और चिंता का माहौल है. फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. पीएम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह पता चलेगी. मृतक की पहचान अरविंद झिझोरे (25) के रूप में हुई है. 

घर पर अकेले बनाकर खाई थी मैगी

मृतक के पिता सुरेश झिझोरे ने बताया कि शाम करीब 4 बजे अरविंद ने खुद मैगी बनाकर खाई थी. मैगी खाने के बाद वह अपने कमरे में जाकर सो गया. उस वक्त घर में कोई और मौजूद नहीं था. जब शाम को परिवार खेत से लौटकर घर पहुंचा और अरविंद को जगाने की कोशिश की, तो उसकी हालत गंभीर नजर आई. परिजनों के मुताबिक, युवक के मुंह से झाग निकल रहा था और शरीर पर उल्टी के निशान भी दिखाई दे रहे थे. यह देखकर घरवालों के होश उड़ गए.

अस्पताल ले जाते समय हुई मौत

परिजन बिना देरी किए अरविंद को निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर नवीन जैन ने बताया कि युवक की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी. शुरुआती जानकारी में मुंह से झाग निकलने की बात सामने आई है, लेकिन मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.

पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक की मौत अचानक तबीयत बिगड़ने से हुई या इसके पीछे कोई और कारण है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

फिलहाल युवक का शव जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखा गया है. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा. इस अचानक हुई मौत से गांव में गहरा शोक छाया हुआ है. लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और हर कोई पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है.

हरदा से आनंद गौर की रिपोर्ट...

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Harda Death News, MP Shocking Death Case, Youth Dies After Eating Food, Suspicious Death In Madhya Pradesh, Food Poisoning Death
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com